दम तोड़ रहा ‘नो हेलमेट नो पेट्रोल’ अभियान

Updated at :16 Apr 2017 9:46 AM
विज्ञापन
दम तोड़ रहा ‘नो हेलमेट नो पेट्रोल’ अभियान

सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के ‘नो हेलमेट नो पेट्रोल’ अभियान की कहानी अब समाप्त है. बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों को आसानी से पंप पर पेट्रोल मिल रहा है. पुलिस-प्रशासन के निर्देश जारी किये जाने के बाद विभिन्न पेट्रोल पंपों के प्रबंधन ने कुछ दिनों तक तो सख्ती से अमल किया, लेकिन अब वे […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के ‘नो हेलमेट नो पेट्रोल’ अभियान की कहानी अब समाप्त है. बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों को आसानी से पंप पर पेट्रोल मिल रहा है. पुलिस-प्रशासन के निर्देश जारी किये जाने के बाद विभिन्न पेट्रोल पंपों के प्रबंधन ने कुछ दिनों तक तो सख्ती से अमल किया, लेकिन अब वे दोपहिया चालक की सुरक्षा से ज्यादा अपने धंधे को तरजीहदे रहे हैं. प्रशासन भी इस अभियान को लेकर ढीला पड़ चुका है. कई बार तो पुलिसवाले भी बेना हेलमेट लगाये दिख जाते हैं.
दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनाना पुलिस-प्रशासन के लिए एक चुनौती बन कर खड़ी है. पुलिस ने सख्ती की, गांधीगीरी की, लेकिन अब भी शहर में बिना हेलमेट के कई लोग मोटरसाइकिल या स्कूटी चलाते मिल ही जाते हैं. फैशन और स्टाइल के मारे कई युवाओं ने मानो हेलमेट ना पहनने की कसम खा रखी है. अगर हेलमेट होता भी है, तो उसे पहनते नहीं. पुलिस को देखकर सिर पर रख लेते हैं और बाद में फिर उतारकर हैंडल पर टांग लेते हैं.
सड़क हादसों में कमी और दुर्घटनाओं में मौत के प्रतिशत को कम करने के लिये राज्य सरकार के साथ-साथ सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट ने भी कई अभियान चलाये. ‘सेफ ड्राइव सेव लाइफ’ के तहत प्रशासन शराब पीकर गाड़ी चलाने, स्पीड ड्राइविंग, बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने के खिलाफ कई अभियान चला रहा है. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस बीच-बीच में जागरूकता प्रचार रैली भी करती रहती है. इसी क्रम में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट ने ‘नो हेलमेट नो पेट्रोल’ का निर्देश जारी किया था. इसके तहत बिना हेलमेट पेट्रोल ना देने का निर्देश शहर के सभी पंप प्रबंधन को दिया गया था. प्रशासन द्वारा जारी निर्देश में साफ कहा गया था कि बीच-बीच में पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जायेगी. बिना हेलमेट के पेट्रोल देने की बात सामने आने पर पंप प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. इधर प्रशासन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आज तक किसी भी पेट्रोल पंप का सीसीटीवी इस मकसद के लिए चेक नहीं किया है.
वर्तमान में बुलेट चलाना युवाओं का नया शौक बनकर उभरा है. खास कर युवा वर्ग जोरदार आवाज करने वाला साइलेंसर लगाकर बुलेट चलाने के नये शौकीन बने हैं. लाखों की गाड़ी हेलमेट पहनकर चलाना इन युवाओं के लिए नागवार है. सिलीगुड़ी शहर में कनेक्टिंग रास्तों की संख्या इतनी है कि प्रमुख सड़क के बिना भी शहर के प्रत्येक कोने में पहुंचा जा सकता है. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बागडोगरा, माटीगाड़ा, दार्जिलिंग मोड़, चंपासारी चेकपोस्ट, एयरव्यू मोड़, सेवक मोड़, हाशमी चौक, पानीटंकी मोड़ आदि में ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था है. लेकिन ट्रैफिक पुलिस से बचकर निकलने के लिए कई गलियारे भी हैं. 31 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रकाश नगर होते हुए सेवक रोड, इस्कान रोड, पंजाबी पाड़ा के भीतर से कोर्ट मोड़, कालेज पाड़ा पहुंचा जा सकता है. दूसरी तरफ विश्वदीप सिनेमा हाल के विपरीत फ्लाई ओवर ब्रिज पार कर जंक्शन बाजार होते हुए माटिगाड़ा या झंकार मोड़ से तुंबाजोत होते हुए माटिगाड़ा बाजार और वहां से शिवमंदिर से निकलकर सीधे बागडोगरा तक पहुंचा जा सकता है. इसके अतिरिक्त भी कई गलियारे हैं जो ट्रैफिक पुलिस से बचाने के काम आते हैं.
नो हेलमेट ना पेट्रोल का निर्देश जारी होने के कुछ दिन बाद तक शहर के सभी पंप प्रबंधनों ने सख्ती बरती, लेकिन ग्राहकों को कब तक लौटाते. व्यवसाय में हो रही हानि को देखते हुए प्रत्येक पंप पर दो चार हेलमेट रखे जाने लगे. बिना हेलमेट पहने आनेवाले ग्राहकों को रखा हेलमेट पहनाकर पेट्रोल दिया जाने लगा. अपनी आंखों के सामने अपने निर्देश की अवहेलना होते देखकर भी प्रशासन ने इस दिशा में कभी कोई कार्रवाई नहीं की. प्रशासन को ढीला देखकर अब पंप प्रबंधनों ने हेलमेट पर ध्यान देना ही छोड़ दिया है.
प्रशासनिक निर्देश के बावजूद बिना हेलमेट पेट्रोल देने की बात पर एक पंप कर्मचारी ने कहा कि इस पर निगरानी रखना प्रशासन का कार्य है. निर्देश जारी होने के कुछ दिन तक अधिकतर लोग हेलमेट पहनने लगे थे, लेकिन अब फिर से बिना हेलमेट के ही पेट्रोल लेने पहुंचने लगे हैं. अब कितनों को बिना पेट्रोल के वापस किया जाये. एक अन्य पंप के कर्मचारी ने बताया कि नो हेलमेट नो पेट्रोल की कहानी समाप्त हो गयी है. अपने निर्देश पर प्रशासन ही अडिग नहीं है. बिना हेलमेट पहने पेट्रोल लेने पंप पर आने वाले ग्राहक दूसरे से हेलमेट जुगाड़ कर लेते हैं. पुलिस भी चेकिंग में नहीं आती, तो हम लोग कितना ध्यान रखेंगे. इस संबंध में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नर सीएस लेप्चा और डिप्टी पुलिस कमिश्नर सुनील यादव से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार का बयान नहीं दिया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola