जंगली हाथियों के दहशत में नवादा, वन विभाग और ग्रामीणों ने मिलकर उठाया बड़ा कदम

Edited by YUVRAJ RATAN
Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Nawada News : जंगली हाथियों के दहशत में नवादा, सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त

विज्ञापन

Nawada News (जावेद नजफ) : नवादा जिला के गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों की सक्रियता लगातार बनी हुई है. बुधवार की रात सरकंडा गांव के खिड़की नामक स्थान पर एक जंगली हाथी देखे जाने से इलाके में दहशत फैल गई. हाथी होने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गोविंदपुर थाना को दी.

पुलिस और वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विजय कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. हाथी की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई. देर रात वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस, वन विभाग एवं ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से हाथी को झारखंड दिशा की ओर मूवमेंट कराया गया.

पटाखे फोड़ और आग जलाकर हाथी को भगाया गया

थाना अध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि रात करीब 9 बजे ग्रामीणों द्वारा सूचना दी गई थी कि सरकंडा गांव के खिड़की में एक जंगली हाथी मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर कैंप करने लगी. बाद में वन विभाग की टीम रात करीब 12 बजे पहुंची. इसके बाद पटाखे छोड़कर तथा आग जलाकर हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ा गया. उन्होंने बताया कि हाथी की संख्या एक थी तथा इस दौरान किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई.

माधोपुर पंचायत में सबसे अधिक नुकसान

गौरतलब है कि गोविंदपुर प्रखंड के गोविंदपुर, विशुनपुर, माधोपुर एवं सरकंडा पंचायतों में पिछले कई दिनों से जंगली हाथियों की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं. हालांकि पहले की तुलना में हाथियों की संख्या कम बताई जा रही है, फिर भी ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. सबसे अधिक नुकसान माधोपुर पंचायत में हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार अब तक हाथियों के हमले में दो लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक मवेशी की भी मौत हो चुकी है. इसके अलावा दर्जनों मकानों को हाथियों ने क्षतिग्रस्त किया है तथा घरों में रखे अनाज को भी बर्बाद कर दिया है.

हाथियों के आतंक से सामान्य जीवन प्रभावित

लगातार हो रही घटनाओं और लोगों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने अब तक तीन बार सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया है. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के आतंक से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है. वहीं वन विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है.

Also Read : रजौली स्थित फैमिली रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और लूट, पूर्व कुक पर लगा संगीन आरोप

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन