मालदा. बड़े भाई पर तांत्रिक होने का जताया शक, चार अंगुलियां काटी

Author : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Jan 2017 1:22 AM

विज्ञापन

मालदा. बड़े भाई के तांत्रिक होने और घर में तंत्र-मंत्र करने के संदेह पर तीन छोटे भाइयों ने उसके बायें हाथ की चार अंगुलियां काट डालीं. बुरी तरह से घायल लक्ष्मी मंडल (50) को मालदा मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया है. गुरुवार को यह घटना शहर से 14 किलोमीटर दूर इंगलिश बाजार थाना के […]

विज्ञापन
मालदा. बड़े भाई के तांत्रिक होने और घर में तंत्र-मंत्र करने के संदेह पर तीन छोटे भाइयों ने उसके बायें हाथ की चार अंगुलियां काट डालीं. बुरी तरह से घायल लक्ष्मी मंडल (50) को मालदा मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया है. गुरुवार को यह घटना शहर से 14 किलोमीटर दूर इंगलिश बाजार थाना के बिनोदपुर ग्राम पंचायत के अधीन गोसाइपुर गांव में घटी. घायल की पत्नी बीणा मंडल ने तीनों हमलावरों देवर दीपक मंडल, बिमल मंडल व सुधांशु मंडल के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार है.
क्या है मामला : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह लक्ष्मी मंडल पर तीनों भाइयों ने हंसुआ व रॉड से हमला कर दिया. घर में ही पटक कर उसके साथ मारपीट की गयी. धारदार हथियार लगने से उसके बायें हाथ की चार अंगुलियां कट गयीं. मेडिकल कॉलेज के डिप्टी सुपरीटेंडेंट ज्योतिष चंद्र दास ने बताया है कि घायल की चार अंगुलियां पूरी तरह से कट गयी हैं. काफी खून बहने की वजह से उसकी हालत खराब है. जरूरी सर्जरी की गयी है. लेकिन अब भी संकट पूरी तरह से नहीं टला है. घायल की पत्नी बीणा मंडल ने बताया कि उनके पति कमर की दर्द से काफी परेशान थे. घर की हालत काफी खराब है.

इसलिए डॉक्टर को दिखाने में सक्षम नहीं थे. कमर दर्द का इलाज कराने उसके पति एक तांत्रिक के पास गये थे. उसी तांत्रिक ने एक जंजीर घर के मुख्य दरवाजे के सामने मिट्टी में दबाकर रखने के लिए कहा था. उसी तांत्रिक के कहने पर पति ने जंजीर को मिट्टी में दबा दिया.

इस बीच, उनके देवर की गाय मर गयी. उसके बाद से ही सभी लोग तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगा कर उनके पति के साथ झगड़ा करते थे. अचानक गुरुवार को तीनों देवर घर में आये और पति से माटी के नीचे दबी जंजीर को निकालने के लिए कहा. इससे बात बढ़ गयी. उनके पति जंजीर निकालने के लिए राजी भी हो गये थे. इसके बाद भी मारपीट की गयी. धारदार हथियार से जब हमला हुआ, तो पति ने हाथ से उसे रोकने की कोशिश की, जिसमें चार अंगुलियां कट गयी. पत्नी ने कहा कि उनके पति कोई तांत्रिक नहीं हैं. दिन-मजदूरी कर परिवार चलता है. इंगलिश बाजार थाना के आइसी पूर्णेन्दु कुंडू ने कहा है कि पारिवारिक विवाद की वजह से एक व्यक्ति पर हमले की घटना घटी है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola