ePaper

T20 World Cup 2026: क्या भारत नहीं आ रहा बांग्लादेश! BCB और ICC के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस, जानें क्या हुआ?

Updated at : 13 Jan 2026 3:58 PM (IST)
विज्ञापन
ICC and BCB Meeting
आईसीसी और BCB के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस पर बातचीत

T20 World Cup 2026 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत दौरा करने से साफ इनकार कर दिया है. ICC के साथ बैठक में BCB ने सुरक्षा का हवाला देते हुए अपने मैच किसी और देश में कराने की मांग की है. उधर, बांग्लादेश के खेल सलाहकार ने दावा किया है कि भारत में उनकी टीम और फैंस के लिए माहौल सुरक्षित नहीं है.

विज्ञापन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) को लेकर मैदान के बाहर की गहमागहमी तेज हो गयी है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साफ कर दिया है कि वह टूर्नामेंट खेलने के लिए भारत नहीं आएगा. मंगलवार को ICC और BCB के बीच एक वीडियो कॉन्फ्रेंस हुई, जिसमें बांग्लादेश ने अपनी सुरक्षा का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग की है. हालांकि, ICC ने फिलहाल शेड्यूल बदलने से मना किया है और बोर्ड से अपने फैसले पर दोबारा सोचने को कहा है, लेकिन मामला अभी सुलझता हुआ नहीं दिख रहा है.

वीडियो कॉन्फ्रेंस में क्या हुआ? 

मंगलवार की दोपहर हुई इस अहम बैठक में BCB के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष शकावत हुसैन और फारूक अहमद समेत कई बड़े अधिकारी शामिल थे. बोर्ड ने ICC को दो टूक शब्दों में बता दिया कि सुरक्षा कारणों से उनकी टीम भारत यात्रा नहीं करेगी. उन्होंने ICC से गुहार लगाई कि बांग्लादेश के मैच किसी न्यूट्रल वेन्यू पर करवाए जाएं. ICC ने तर्क दिया कि टूर्नामेंट का कार्यक्रम पहले ही जारी हो चुका है, इसलिए BCB को अपनी जिद छोड़नी चाहिए. दोनों पक्ष अभी भी बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं, लेकिन बांग्लादेश अपनी बात पर अड़ा हुआ है.

भारत में खेलने का माहौल नहीं 

इस विवाद में नया मोड़ तब आया जब बांग्लादेश के युवा और खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने दावा किया कि भारत में T20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए माहौल नहीं है. उन्होंने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए ICC की सुरक्षा टीम के एक खत का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि उस खत में सुरक्षा को लेकर जो बातें लिखी हैं, उससे साबित होता है कि वहां खेलना खतरे से खाली नहीं है. हालांकि, ICC सूत्रों का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों ने जोखिम को कम से मध्यम बताया है, जो किसी भी बड़े ग्लोबल इवेंट के लिए सामान्य बात है.

मुस्तफिजुर और जर्सी पर अजीब शर्त 

आसिफ नजरुल ने ढाका में बताया कि सुरक्षा रिपोर्ट में तीन अजीब बातें कही गयी हैं.

  • अगर स्टार गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान टीम में होंगे तो जोखिम बढ़ जाएगा. 
  • अगर बांग्लादेश के समर्थक अपनी टीम की जर्सी पहनकर घूमेंगे तो उन्हें खतरा हो सकता है.
  • चुनाव के कारण भी सुरक्षा की समस्या है. 

नजरुल ने गुस्से में कहा ICC हमसे ये उम्मीद कैसे कर सकती है कि हम अपने सबसे अच्छे गेंदबाज के बिना टीम बनाएं या हमारे फैंस देश की जर्सी न पहनें. यह मांग बिल्कुल बेतुकी है. उन्होंने कहा कि अगर ICC सच में ग्लोबल संस्था है तो उसे हमारे मैच श्रीलंका में करवाने चाहिए. हम इससे कम पर नहीं मानेंगे.

कोलकाता और मुंबई में होने हैं मैच 

पहले से तय शेड्यूल के मुताबिक, T20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू हो रहा है. बांग्लादेश को अपना पहला मैच 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है. इसके बाद उन्हें उसी मैदान पर 9 फरवरी को इटली, फिर इंग्लैंड और अंत में 17 फरवरी को नेपाल का सामना करना है. बांग्लादेश चाहता है कि ये सारे मैच भारत से हटाकर श्रीलंका शिफ्ट कर दिए जाएं. अब देखना दिलचस्प होगा कि ICC इस पर क्या फैसला लेती है.

ये भी पढ़ें-

IND vs NZ: गजब फॉर्म में विराट कोहली, सीरीज में अजेय बढ़त बनाने पर भारत की नजर

कुछ भी सही नहीं… WPL 2026 में RCB से मिली करारी हार के बाद कोच अभिषेक नायर के बयान ने चौंकाया

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola