भाजपा में टिकट की मारामारी और गहरायी, जिला महासचिव की पिटाई

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर भाजपा में टिकट को लेकर मारामारी दिन-प्रतिदिन और गहराती जा रही है. टिकट को लेकर भाजपा के बागी कार्यकर्ताओं ने जहां बीती रात भाजपा के सिलीगुड़ी जिला महासचिव नंदन दास की जमकर पिटाई कर दी, वहीं आज सुबह से ही जिला अध्यक्ष रथिन्द्रनाथ बोस के घर का घेराव […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर भाजपा में टिकट को लेकर मारामारी दिन-प्रतिदिन और गहराती जा रही है. टिकट को लेकर भाजपा के बागी कार्यकर्ताओं ने जहां बीती रात भाजपा के सिलीगुड़ी जिला महासचिव नंदन दास की जमकर पिटाई कर दी, वहीं आज सुबह से ही जिला अध्यक्ष रथिन्द्रनाथ बोस के घर का घेराव किया.

रथिंद्र बोस अपने ही घर में कई घंटों तक बंधक बने रहे. बीती रात को विधान रोड स्थित कंचनजंगा स्टेडियम के नजदीक एक होटल में जब भाजपा के जिला नेतृत्व की एक बैठक हो रही थी उसी दौरान 22 नंबर वार्ड के भाजपा के बागी कार्यकर्ताओं ने जिला नेतृत्व पर हमला कर दिया और 22 नंबर वार्ड के भाजपा उम्मीदवार व जिला महासचिव नंदन दास को मौके पर पाकर जमकर धूना.

वहीं जिला अध्यक्ष रथिन्द्रनाथ बोस हमलावरों को चकमा देकर मौके से फरार हो गये. इस दौरान आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैठक में रखे चुनावी दस्तावेजों को भी फाड़ डाला. बाद में सिलीगुड़ी पुलिस मौके पर पहुंच कर उत्तेजित माहौल को शांत किया और हमलावर भाजपा कार्यकर्ताओं को होटल से हटाया. वहीं आज सुबह से ही हाकिमपाड़ा के भुटिया मार्केट के नजदीक स्थित जिला अध्यक्ष रथिन्द्रनाथ बोस के घर का भी बागी कार्यकर्ताओं ने घेराव किया और टिकट को लेकर हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए दिन भर घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया. सूचना पाते ही सिलीगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर श्री बोस के घर को सुरक्षा घेरे में लिया. कई घंटों तक प्रदर्शनकारियों के कारण श्री बोस घर से बाहर नहीं निकल पाये और घर के भीतर ही बंधक बने रहे.

बाद में पुलिस के सहयोग से घर के पीछे के दरवाजे से किसी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गये. भाजपा के प्रदर्शनकारी बागी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिला अध्यक्ष रथिन्द्रनाथ बोस व भाजपा के बंगाल प्रांत के महासचिव विश्वप्रिय राय चौधरी दोनों ही टिकट के नाम पर पैसे वसूले हैं, जो हाल-फिलहाल में ही दूसरे दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए उनसे लाखों रुपये ऐंठकर टिकट बिक्री की गई है, जबकि जो भाजपा के वर्षो पुराने कार्यकर्ता हैं, उनकी अनदेखी की गई है. 22 नंबर वार्ड कमेटी के अध्यक्ष संदीप पाल का आरोप है कि इस वार्ड से जिला महासचिव नंदन दास को टिकट दिया गया, जो एक भाजपा के दागी कार्यकर्ता हैं और उन्हें टिकट देने से पहले वार्ड कमेटी को इसकी जानकारी देना जिला नेतृत्व ने उचित नहीं समझा.

श्री दास ने कहा कि नंदन दास पर नौकरी का झांसा देकर युवकों से एक लाख 70 हजार रुपये ऐंठने का मामला थाना में दर्ज है. इसके अलावा भी भाजपा के झंडों को लेकर उन पर धोखाधड़ी करने का आरोप है. वहीं 40 नंबर वार्ड से भाजपा के बागी कार्यकर्ता अजरुन साव, राजू बरुआ, दीपक राय, रिचपाल सिंह का आरोप है कि जिला नेतृत्व ने इस वार्ड से नामि भू-माफिया अरिंदम विश्वास को टिकट दिया है जिसकी जानकारी वार्ड कमेटी को दी गयी.

अरिंदम के खिलाफ भक्तिनगर थाना के अलावा और भी कई थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं. अजरुन साव का कहना है कि टिकट बंटवारे से पहले जिला नेतृत्व यह दावा कर रही थी कि भाजपा एक आदर्शवादी पार्टी है और सिद्धांतों पर चलती है, इसे ध्यान में रखते हुए किसी भी दागी या अपराधी को भाजपा की टिकट नहीं दी जायेगी. इसके बावजूद दागदार लोगों को भाजपा की टिकट दी गई. इस बावत भाजपा के बंगाल प्रांत के महासचिव विश्वप्रिय राय चौधरी व जिला अध्यक्ष रथिन्द्रनाथ बोस से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन मोबाइल फोन का स्वीच ऑफ होने के कारण संपर्क नहीं हो सका.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola