दिन भर बनी रही जाम की समस्या

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव को लेकर पूरे शहर में चुनावी उत्सव शुरू हो गया है. हर ओर उम्मीदवारों के समर्थन में बैनर पोस्टर लगाये जा रहे हैं. तो कहीं जुलूस निकालने का दौर जारी है. सिलीगुड़ी के सभी 47 वार्डो में विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार जोर-शोर से चुनाव प्रचार करने में लगे हुए […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव को लेकर पूरे शहर में चुनावी उत्सव शुरू हो गया है. हर ओर उम्मीदवारों के समर्थन में बैनर पोस्टर लगाये जा रहे हैं. तो कहीं जुलूस निकालने का दौर जारी है. सिलीगुड़ी के सभी 47 वार्डो में विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार जोर-शोर से चुनाव प्रचार करने में लगे हुए हैं. विभिन्न स्थानों पर पदयात्र निकाले जाने के साथ ही उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं से भी संपर्क कर रहे हैं.

इस बीच, आज विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों ने सिलीगुड़ी कोर्ट जाकर चुनाव अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया. वाम मोरचा, तृणमूल कांग्रेस, भाजपा तथा कांग्रेस के कई उम्मीदवार आज सिलीगुड़ी कोर्ट पहुंचे और सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव हेतु नामांकन का परचा दाखिल किया. इस नामांकन को लेकर उम्मीदवारों के साथ-साथ तमाम राजनीतिक दलों एवं उनके समर्थकों में जोश का माहौल बना हुआ है. तरह-तरह के वेषभूषा में नेता एवं उनके समर्थक नामांकन करने पहुंचे. शहर के सभी रास्तों में जैसे आज राजनीतिक दलों के नेताओं में जुलूस निकालने की होड़ मची हुई थी.

वाम मोरचा के सभी 47 वार्डो के उम्मीदवारों में आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया. वाम मोरचा के सभी 47 वार्डो के उम्मीदवार जुलूस की शक्ल में गाजे-बाजे के साथ हिलकार्ट रोड स्थित माकपा कार्यालय अनिल विश्वास भवन पहुंचे. पहली बार किसी राजनीतिक दल ने चुनाव जीतने से पहले ही अपने उम्मीदवारों को शपथ दिला दी. वाम मोरचा के सभी उम्मीदवारों ने चुनाव जीतने के बाद भ्रष्टाचार से दूर रहकर आम लोगों के हित में कड़ी मेहनत के साथ काम करने एवं जनता के सुख-दुख में भागीदार बनने का शपथ लिया. वाम मोरचा के संयोजक तथा पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य ने उम्मीदवारों को यह शपथ दिलायी. इसके बाद सभी उम्मीदवार जूलूस के रूप में सिलीगुड़ी कोर्ट की ओर रवाना हो गये. इस मौके पर भारी संख्या में वाम मोरचा के समर्थक उपस्थित थे. इन लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की. दूसरी तरफ हर ओर से उम्मीदवारों द्वारा जुलूस निकाले जाने के कारण सिलीगुड़ी में यातायात व्यवस्था पर इसका भारी असर पड़ा. सिलीगुड़ी के प्रमुख सड़क हिलकार्ट रोड पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही.

इसकी वजह से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कमोबेश यही स्थिति विभिन्न वार्डो में भी रही. विभिन्न वार्डो से उम्मीदवारों द्वारा जुलूस निकाले जाने के कारण प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति देखी गई. आज नामांकन के दिन सिलीगुड़ी के तीनों प्रमुख राजनीतिक हस्ती माकपा के अशोक भट्टाचार्य, तृणमूल कांग्रेस के मंत्री गौतम देव तथा कांग्रेस के विधायक शंकर मालाकार अपनी-अपनी पार्टी के कमान संभाले हुए थे. यही सभी नेता कोर्ट परिसर में दिन भर मौजूद रहे. दूसरी तरफ भाजपा के जिला अध्यक्ष रथीन्द्र बोस ने भी अपनी पार्टी की कमान संभाल रखी थी. माकपा नेता अशोक भट्टाचार्य ने अदालत परिसर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार वाम मोरचा के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले ही आम लोगों के हित में काम करने तथा गरीबों की सेवा करने की शपथ ली है.

उन्होंने सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि पिछले कांग्रेस तथा तृणमूल कांग्रेस बोर्ड के काम-काज को देखकर सिलीगुड़ी के लोग काफी हताश हैं. इन दोनों पार्टियों ने अपने कार्यकाल में सिलीगुड़ी का कोई विकास नहीं किया. तमाम नेता भ्रष्टाचार में डूबे हुए थे. सिलीगुड़ी के लोगों ने परिवर्तन के कार्यकाल को देख लिया है. समर्थकों की भारी भीड़ से उत्साहित श्री भट्टाचार्य ने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में वाम मोरचा की जीत होगी और वाम मोरचा एक बार फिर से नगर निगम बोर्ड बनाने में कामयाब होगी. दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तथा उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव ने अशोक भट्टाचार्य के दावों को खारिज कर दिया.

उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम के बोर्ड में तृणमूल कांग्रेस का कब्जा नहीं था. कांग्रेस के अधीन नगर निगम का बोर्ड गठन हुआ और मेयर गंगोत्री दत्ता कांग्रेस की ओर से थी. कुछ ही दिनों तक वह लोग कांग्रेस के बोर्ड में शामिल हुए थे. बाद में वह लोग बोर्ड से अलग हो गये. ऐसे में कांग्रेस बोर्ड की विफलता का आरोप तृणमूल पर लगाना सही नहीं है. श्री देव ने सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार के चुनाव में विरोधियों का पूरी तरह से सफाया हो जायेगा. राज्य में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में जिस तरह से विकास के काम हो रहे हैं उसको देखते हुए सिलीगुड़ी के लोग तृणमूल कांग्रेस का समर्थन करेंगे और चुनाव में पार्टी की भारी जीत होगी. कांग्रेस नेता शंकर मालाकार ने भी जीत का दावा किया. वह भी दिन भर कोर्ट परिसर में बैठे रहे. आज जहां वाम मोरचा के सभी 47 उम्मीदवारों ने नामांकन का परचा भरा, वहीं तृणमूल कांग्रेस के 9 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया. कांग्रेस के 27 उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने पहुंचे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola