पूर्व मंत्री व मंत्री आमने-सामने

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी : नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा उफान पर एक-दूसरे पर लगा रहे हैं आरोप-प्रत्यारोप उम्मीदवारों के चयन का काम अंतिम चरण में सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के चुनाव को लेकर सिलीगुड़ी में राजनैतिक पारा इन दिनों उफान पर है. विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम लोग भी अभी से ही इस […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी : नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा उफान पर
एक-दूसरे पर लगा रहे हैं आरोप-प्रत्यारोप
उम्मीदवारों के चयन का काम अंतिम चरण में
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के चुनाव को लेकर सिलीगुड़ी में राजनैतिक पारा इन दिनों उफान पर है. विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम लोग भी अभी से ही इस चुनाव को लेकर चर्चा करने लगे हैं. हालांकि अभी तक चुनाव को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि पूरे राज्य के साथ-साथ सिलीगुड़ी में भी नगर निगम का चुनाव 25 अप्रैल को होना करीब-करीब तय है.
इसी को ध्यान में रखकर सभी राजनैतिक दल अभी से ही तैयारियों में जुट गये हैं. इस चुनाव को लेकर राजनैतिक दलों के नेताओं के बीच वाक्युद्ध की शुरूआत भी हो चुकी है और खासकर पूर्व मंत्री तथा माकपा नेता अशोक भट्टाचार्य एवं जिला तृणमूल अध्यक्ष तथा उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव के बीच बयानबाजी काफी बढ़ गई है.
एक ओर जहां अशोक भट्टाचार्य सिलीगुड़ी में किसी भी प्रकार का विकास कार्य नहीं होने का दावा करते हुए तृणमूल कांग्रेस को घेरने की कोशिश में लगे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर गौतम देव तृणमूल सरकार के शासनकाल में सबसे अधिक काम होने का दावा कर वाम मोरचा को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश में लगे हुए हैं.
नगर निगम चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस सिलीगुड़ी नगर निगम, एसजेडीए तथा उत्तर बंगाल विकास मंत्रलय द्वारा किये गये कार्यो को अधिक से अधिक प्रचारित करने की रणनीति तृणमूल कांग्रेस द्वारा अपनायी गई है. पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नगर निगम चुनाव से पहले विकास कार्यो का एक बुकलेट तैयार कर आम लोगों के बीच बांटने की योजना है. पिछले दिनों मंत्री गौतम देव ने भी एक नागरिक कन्वेंशन के दौरान अपने कार्यकाल में 107 करोड़ रुपये से भी अधिक का काम होने का दावा करते हुए एक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया था.
इस संबंध में तृणमूल कांग्रेस के महासचिव मदन भट्टाचार्य का कहना है कि तृणमूल के सत्ता में आने के बाद विकास के जितने भी काम सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र में हुए हैं, इसकी जानकारी आम लोगों को दी जायेगी. उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगले नगर निगम चुनाव में जीत तृणमूल कांग्रेस की ही होगी.
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन का काम जारी है और 10 मार्च से पहले सभी 47 वार्डो में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जायेगी. दूसरी तरफ माकपा नेता अशोक भट्टाचार्य तृणमूल कांग्रेस तथा कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल में किसी भी प्रकार का कोई काम नहीं होने का आरोप लगा रहे हैं. उनका कहना है कि सिर्फ पैसे खर्च करने से ही विकास का काम नहीं होता. आम लोगों को विकास दिखनी भी चाहिए. श्री भट्टाचार्य के इस प्रकार के कटाक्ष पर मंत्री गौतम देव भड़के हुए हैं. उनका कहना है कि वाम मोरचा 34 वर्षो तक शासन में रही और अशोक भट्टाचार्य स्वयं भी 20 वर्षो तक मंत्री के साथ-साथ एसजेडीए के चेयरमैन भी रहे.
पहले उन्हें अपने द्वारा किये गये कार्यो का ब्यौरा देना चाहिए. इधर, तृणमूल कांग्रेस तथा माकपा के बीच इस सीधे टकराव में कांग्रेस तथा भाजपा नेताओं ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है. हालांकि यह दोनों दल भी चुनावी तैयारी में लगे हुए हैं. खासकर भाजपा में विशेष उत्साह है. राहुल सिन्हा सहित भाजपा के राज्य स्तरीय आला नेता ताबड़तोड़ सिलीगुड़ी का दौरा करने में लगे हुए हैं. भाजपा महासचिव नंदन दास का कहना है कि उनकी पार्टी भी चुनावी तैयारियों में जुटी हु़ई है और शीघ्र ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जायेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola