मां की हत्या कर फरार बेटे ने थाने में किया समर्पण

कमरे से काला धुआं निकलता देख स्थानीय लोग हैरान रह गये. उस समय दरवाज़ा बाहर से बंद था.
कोलकाता. अपनी बुजुर्ग मां की हत्या के बाद से फरार उसके बेटे अभिषेक मोइत्रा ने अंतत: पाटुली थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. मृतका के बेटे ने पुलिस के सामने कबूल किया कि पैसों के विवाद में उसने अपनी मां की हत्या कर दी थी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि 72 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मालविका मोइत्रा अपने बेटे के साथ विद्यासागर कॉलोनी में किराये के फ्लैट में रहती थीं. गत बुधवार को फ्लैट से उनका जला हुआ शव बरामद किया गया था. कमरे से काला धुआं निकलता देख स्थानीय लोग हैरान रह गये. उस समय दरवाज़ा बाहर से बंद था. सूचना मिलने पर पाटुली पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना के बाद से वृद्ध महिला का बैंक कर्मचारी बेटा लापता था. उसका फोन भी बंद था. पुलिस को शुरू में संदेह हुआ कि वृद्ध महिला की हत्या की गयी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात स्पष्ट हो गयी. वृद्ध महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गयी और घर में आग लगा दी गयी थी. जांच के बाद पुलिस को पता चला कि इस क्रूर हत्या को किसी और ने नहीं अंजाम दिया है, वृद्धा के बेटे ने ही ऐसा किया था. इसके बाद से पुलिस मृतक के बेटे की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर रही थी. पता चला है कि अभिषेक अपनी मां की हत्या करने के बाद कोलकाता में विभिन्न फुटपाथ पर घूम रहा था. पुलिस से बचने के लिए वह फुटपाथों पर अपना दिन गुजार रहा था. इस बीच पुलिस ने हत्यारे को पकड़ने के लिए उसका बैंक खाता ब्लॉक कर दिया. परिणामस्वरूप, जब जेब में पड़े सारे पैसे खत्म हो गये तो बैंक से वह पैसे नहीं निकाल पा रहा था. तभी अंतत: मृतक का बेटा रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपना अपराध स्वीकार कर आत्मसमर्पण कर दिया. पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि पैसों को लेकर उसका मां से झगड़ा हुआ था. जिसके कारण वह मानसिक अवसाद से ग्रस्त हो गया. इसी मानसिक अवसाद के चलते उसने अपनी मां की हत्या कर दी. हालांकि, पुलिस आरोपी के बयान की पुष्टि कर रही है. जांचकर्ता इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या हत्या के पीछे कोई अन्य मकसद तो नहीं था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




