बम विस्फोट में मारी गयी तमन्ना की मां ने की जान देने की कोशिश

कालीगंज के मोलंडी गांव की नौ साल की बच्ची तमन्ना खातून की मौत के करीब सात महीने बाद उसकी मां सबीना ने गहरे अवसाद में आत्महत्या का प्रयास किया.
प्रतिनिधि, कल्याणी
कालीगंज के मोलंडी गांव की नौ साल की बच्ची तमन्ना खातून की मौत के करीब सात महीने बाद उसकी मां सबीना ने गहरे अवसाद में आत्महत्या का प्रयास किया. परिजनों की मदद से समय रहते उन्हें बचा लिया गया. फिलहाल उनका इलाज कृष्णानगर शक्तिनगर जिला अस्पताल में चल रहा है. गौरतलब है कि नदिया जिले के कालीगंज उपचुनाव के नतीजों वाले दिन मोलंडी गांव में हुए बम धमाके में तमन्ना खातून की जान चली गयी थी. घटना के बाद मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की थी.
इसके बाद मृत बच्ची के परिवार ने सीबीआइ जांच की मांग को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था. परिजनों के अनुसार, बेटी की मौत के बाद से सबीना इस सदमे को स्वीकार नहीं कर पा रही थीं. बीते सात महीनों से वह लगातार मानसिक तनाव और अवसाद में थीं. मंगलवार को उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन परिवार की तत्परता से उनकी जान बच गयी. इस घटना पर कालीगंज की नव निर्वाचित विधायक अलीफा अहमद ने इसे बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि जिसने अपना बच्चा खोया हो, उसके दर्द को कोई और नहीं समझ सकता. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि तमन्ना की मौत के मामले में पुलिस प्रशासन ने तेजी से और सख्त कार्रवाई की है.
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, हालांकि मृत बच्ची के परिजनों का आरोप है कि कई आरोपी अब भी फरार हैं. परिवार ने आशंका जतायी है कि अगर गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मिल जाती है, तो उनकी जान को खतरा हो सकता है. तमन्ना के रिश्तेदार रबीउल शेख ने कहा कि बच्ची की मौत के बाद से सबीना मानसिक और शारीरिक रूप से टूट चुकी हैं. अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि सबीना अवसाद से पीड़ित थीं और कुछ समय से नींद की गोलियां ले रही थीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




