बंगाल: सब्यसाची दत्ता पर ईडी की कार्रवाई, खिदिरपुर समेत 12 ठिकानों पर छापेमारी

ईडी कार्यालय
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व तृणमूल विधायक सब्यसाची दत्ता से जुड़े कथित सोना बरामदगी मामले में जांच तेज कर दी है. कोलकाता समेत राज्य के 12 ठिकानों पर छापेमारी हुई. एजेंसी अवैध धन से सोने की खरीद की पड़ताल कर रही है.
कोलकाता से अमित शर्मा की रिपोर्ट
पूर्व तृणमूल विधायक और वरिष्ठ नेता सब्यसाची दत्ता से जुड़े कथित सोना बरामदगी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच तेज कर दी है. शुक्रवार सुबह ईडी अधिकारियों ने कोलकाता के पार्क स्ट्रीट, शॉर्ट स्ट्रीट, खिदिरपुर, राजरहाट समेत राज्य के 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सब्यसाची दत्ता और उनके करीबियों के पास से बरामद भारी मात्रा में सोना कहीं भ्रष्टाचार, अवैध वसूली या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से अर्जित धन से तो नहीं खरीदा गया था.
रंगदारी मामले में हो चुकी है छापेमारी
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब पिछले माह रंगदारी वसूली के एक मामले में सब्यसाची दत्ता को विधाननगर उत्तर थाने की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें साथ लेकर उनके विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था. इसी तलाशी के दौरान जांचकर्ताओं के हाथ भारी मात्रा में सोना लगा था, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सब्यसाची दत्ता के फ्लैट से करोड़ों रुपये मूल्य का सोना बरामद हुआ था. इसके अलावा उनके बैंक लॉकरों की तलाशी में भी बड़ी मात्रा में सोना मिला.
मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच शुरू
जांच के दौरान अधिकारियों को 76 करोड़ रुपये मूल्य के सोने की खरीद से संबंधित रसीदें भी मिली थीं. इन दस्तावेजों ने जांच एजेंसियों को चौंका दिया, क्योंकि बरामद सोने और खरीद के दस्तावेजों का पैमाना काफी बड़ा बताया जा रहा है. मामले में एक और अहम पहलू तब सामने आया जब सब्यसाची दत्ता की करीबी मानी जाने वाली तृणमूल नेता टीना भौमिक साहा के घर से भी भारी मात्रा में सोना बरामद होने की बात सामने आयी. जांच में अब तक लगभग साढ़े तीन किलोग्राम सोने का पता चलने की जानकारी मिली है. इसी बरामदगी को आधार बनाकर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से मामले की जांच शुरू की है.
वित्तीय लेन-देन की हो रही गहराई से जांच
ईडी अधिकारियों का मानना है कि सब्यसाची दत्ता की घोषित आय और उनके पास से जुड़े ठिकानों पर मिले सोने तथा अन्य संपत्तियों के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है. यही वजह है कि एजेंसी अब सोने के स्रोत, खरीद के लिए इस्तेमाल किए गए धन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सोना कथित रंगदारी वसूली, भ्रष्टाचार या किसी अन्य अवैध गतिविधि से प्राप्त धन से खरीदा गया था. एजेंसी उन लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है जिनके नाम पर संपत्तियां या सोना रखा गया हो सकता है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पता लगाया जा रहा संपत्तियों का वास्तविक स्रोत
सब्यसाची दत्ता के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर ईडी ने हाल ही में प्रारंभिक जांच शुरू की थी. इसके तहत एजेंसी ने संबंधित एफआइआर और अन्य दस्तावेज जुटाए थे. प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर शुक्रवार को कोलकाता और अन्य जिलों के कुल 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गयी. ईडी की इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गयी है. अब जांच एजेंसी की नजर इस बात पर है कि बरामद सोने और संपत्तियों का वास्तविक स्रोत क्या है तथा क्या इनके पीछे किसी बड़े वित्तीय अनियमितता या अवैध वसूली नेटवर्क का संबंध है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष झा
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










