डिजिटल मीडिया के दौर में भी किताबों की अहमियत बरकरार : सीएम

Updated at : 29 Jan 2025 1:58 AM (IST)
विज्ञापन
डिजिटल मीडिया के दौर में भी किताबों की अहमियत बरकरार : सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया चाहे कितनी भी आगे बढ़ जाये, लोग किताबों को नहीं भूल सकते. किताबें हमारी प्रेरणा हैं और कई बार किताबें हमारी मित्र बन जाती हैं.

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने 48वें कोलकाता पुस्तक मेले का किया आगाज

सॉल्टलेक के सेंट्रल पार्क स्थित ‘बोईमेला प्रांगण’ में शुरू हुआ पुस्तक मेला नौ फरवरी तक चलेगा

संवाददाता, कोलकातामुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को सॉल्टलेक के सेंट्रल पार्क स्थित ‘बोईमेला प्रांगण’ में 48वें अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेले का आगाज किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया चाहे कितनी भी आगे बढ़ जाये, लोग किताबों को नहीं भूल सकते. किताबें हमारी प्रेरणा हैं और कई बार किताबें हमारी मित्र बन जाती हैं. हालांकि, आज डिजिटल मीडिया का जमाना है, फिर भी किताबों की अहमियत बरकरार है. किताबों का महत्व कभी कम नहीं हो सकता. यही कारण है कि इस पुस्तक मेले में हर साल लाखों लोग जुटते हैं. पुस्तक मेला नौ फरवरी तक चलेगा.

सीएम ने 48वें कोलकाता पुस्तक मेले का उद्घाटन हथौड़ा चलाकर किया. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री कई बार भावुक हो गयीं. उन्होंने सभी से पुस्तकें पढ़ने का आग्रह करते हुए कहा कि कोलकाता पुस्तक मेला हमारे देश के सर्वश्रेष्ठ मेलों में से एक है. उम्मीद है कि इस बार पुस्तक मेले में पिछली बार की तुलना में कई अधिक पुस्तकें बिकेंगी. मंच से मुख्यमंत्री ने कहा: पिछले साल 30 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ और 27 लाख लोग आये थे. इस बार और ज्यादा लोग पहुंचेंगे. अब बुक फेयर के लिए स्थायी ‘बोईमेला प्रांगण’ है. इस वर्ष पुस्तक मेले का थीम देश जर्मनी है. उद्घाटन समारोह में जर्मनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का मुद्दा उठाते हुए कहा: जर्मनी का हमारे महान नायक नेताजी के साथ गहरा रिश्ता है. नेताजी की बेटी जर्मन नागरिक हैं. मैं उनसे मिली हूं.

सुश्री बनर्जी ने कहा: अर्जेंटीना के प्रतिनिधि यहां हैं. जब मैंने सड़कों को नीले और सफेद रंग से रंगवाना शुरू किया तो कई लोगों ने कहा कि मैं अर्जेंटीना की समर्थक हूं, लेकिन मेरा मानना है कि नीला और सफेद आकाश के रंग हैं और आकाश की कोई सीमा नहीं है. रंगों में भी कोई सीमा नहीं होती. सभी रंग रंगीन हैं, सबका अपना महत्व है. समारोह में भारत में जर्मनी के राजदूत फिलिप एकरमैन और गोएथे इंस्टीट्यूट की दक्षिण एशिया निदेशक मार्ला स्टकेनबर्ग ने भाग लिया. मेले के आयोजक पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स गिल्ड के अध्यक्ष त्रिदिब चटर्जी और सचिव सुधांग्शु शेखर दे ने साहित्य में विशेष योगदान के लिए अबुल बशर को सम्मानित किया. सीएम ने कोलकाता पुलिस मंडप के साथ तृणमूल मुखपत्र के स्टॉल का भी फीता काटकर उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री ने पुस्तक मेले में अपनी तीन पुस्तकों का विमोचन भी किया. कार्यक्रम में मंत्री इंद्रनील सेन, सांसद और कोलकाता नगर निगम की चेयरपर्सन माला राय, विधाननगर नगर निगम के चेयरमैन सब्यसाची दत्ता के साथ कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola