पश्चिम बंगाल में तेज होगी औद्योगिकीकरण की रफ्तार, भूमि के लिए बनेगी नयी नीति

Author :Ashish Jha
Published by :Ashish Jha
Updated at :13 May 2026 10:02 AM
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल में तेज होगी औद्योगिकीकरण की रफ्तार, भूमि के लिए बनेगी नयी नीति

शमिक भट्टाचार्य

Bengal News: बीएनसीसीआइ की वार्षिक आम सभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि बड़े उद्योगों के बिना राज्य का कोई भविष्य नहीं है.

विज्ञापन

Bengal News: कोलकाता. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बड़े पैमाने पर औद्योगिकीकरण के लिए एक नयी भूमि नीति की मंगलवार को वकालत की और निवेशकों को राज्य में भयमुक्त वातावरण का भरोसा दिया. राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद पहली बार किसी उद्योग निकाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए भट्टाचार्य ने शहरी भूमि सीमा अधिनियम को समाप्त करने और अनुबंध खेती शुरू करने की संभावना पर भी बात की. ये दोनों ही उद्योग एवं कॉरपोरेट घरानों की प्रमुख मांगें रही हैं. इस समय राज्य में अनुबंध खेती की अनुमति नहीं है. इस कदम से बड़े व्यावसायिक घरानों को कृषि एवं खाद्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण निवेश के लिए आकर्षित किया जा सकता है.

भूमि सीमा से जुड़ी समस्याएं एक बड़ी बाधा

बंगाल नेशनल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (बीएनसीसीआइ) की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगों के बिना राज्य का कोई भविष्य नहीं है. उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक हस्तक्षेप और भूमि संबंधी बाधाओं ने लंबे समय से पश्चिम बंगाल में निवेश को हतोत्साहित किया है. उन्होंने कहा कि भूमि सीमा से जुड़ी समस्याएं एक बड़ी बाधा हैं क्योंकि यहां की 85 प्रतिशत भूमि छोटे रकबे वाली है. इस पर विचार किया जा रहा है और हम इन बाधाओं को दूर कर सकते हैं. उन्होंने उद्योग जगत को नयी सरकार की ओर से निर्णायक कार्रवाई का आश्वासन दिया. भट्टाचार्य ने हालांकि स्पष्ट किया कि वह सरकार की ओर से नहीं बोल रहे हैं और वह भाजपा शासन (मंत्रिमंडल) का हिस्सा नहीं हैं. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भूमि नीति हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के सफल मॉडल से प्रेरणा लेगी.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

15 वर्षों में एक भी नया निवेश नहीं

भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासनकाल में एक भी नया निवेश नहीं हुआ है. इसके विपरीत, पश्चिम बंगाल के उद्योगपतियों और व्यापारियों ने अपना निवेश अन्य राज्यों में करना पसंद किया. पिछली राज्य सरकार ने बड़े निवेश को आकर्षित करने के लिए उद्योगपतियों को बिल्कुल सहयोग नहीं दिया, लेकिन नयी राज्य सरकार निवेश आकर्षित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी. इस मौके पर बांग्ला फिल्मों के प्रख्यात अभिनेता व पद्मश्री प्रसेनजीत चटर्जी, राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा, बीएनसीसीआइ के अध्यक्ष अशोक कुमार बनिक, उपाध्यक्ष अमित साहा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे.

Also Read: भाजपा सरकार नहीं बंगाल सरकार होगी, शमिक भट्टाचार्य ने बताये पार्टी का सरकार से क्या होगा रिश्ता

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola