कोलकाता के तिलजला में भीषण आग, दम घुटने से दो की मौत

Author :Ashish Jha
Published by :Ashish Jha
Updated at :13 May 2026 7:25 AM
विज्ञापन
कोलकाता के तिलजला में भीषण आग, दम घुटने से दो की मौत

भवन में लगी आग

Kolkata Fire: जीजे खान रोड में मंगलवार दोपहर की घटना है. अति गंभीर रूप से झुलसे तीन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा.

विज्ञापन

Kolkata Fire: कोलकाता. महानगर के तिलजला में मंगलवार दोपहर जीजे खान रोड स्थित पांच मंजिली इमारत की दूसरी मंजिल पर बने चमड़े की फैक्टरी के स्टोर रूम में भयावह आग लग गयी. यह घटना लगभग 1:45 बजे दोपहर की है. आग लगते ही इमारत में अफरातफरी मच गयी और लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे. तपसिया थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दमघोंटू धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.

आग पर काबू पाने में लगे तीन घंटे

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आग स्टोर रूम से शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में तेज लपटों के साथ फैल गयी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग के चार इंजन मौके पर पहुंचे. दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया. बचाव कार्य के दौरान इमारत में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया.

बाथरूम में छिपकर बचने की कोशिश हुई नाकाम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग व धुएं से बचने के लिए इमारत में मौजूद पांच लोग बाथरूम में जाकर छिप गये थे. उनका मानना था कि वहां कुछ देर के लिए सुरक्षित रह सकेंगे, लेकिन तेजी से फैलते जहरीले धुएं ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. इमारत में बाहर निकलने के दो रास्ते थे, लेकिन दोनों ही आग और धुएं के कारण असुरक्षित हो चुके थे.

दो वेंटिलेटर पर, धुएं से फेफड़े बुरी तरह से हुए प्रभावित

अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान रजेत अली मोल्ला (33) और मोहम्मद हसानुर जमां (35) के रूप में हुई है. वहीं, तीन गंभीर रूप से घायल लोगों के नाम मोहम्मद इबरार (37), गौर सरदार (36) और मोहम्मद तनवीर (41) हैं. इनका इलाज चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. इनमें से दो मरीज वेंटिलेटर पर हैं. डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक धुएं के कारण उनके फेफड़े गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं.

जांच कमेटी गठित

घटना के बाद राज्य प्रशासन ने पुलिस को एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया है. साथ ही कोलकाता पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में एक जांच कमेटी गठित की गयी है, जो पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

क्या बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा- महानगर सहित राज्य में कहीं भी अग्निकांड की घटनाओं पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. अगर कहीं भी लापरवाही की वजह से आग की घटना सामने आती है, तो दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा. तिलजला अग्निकांड की जांच के आदेश दे दिये गये हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी की भी लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. राज्य में नयी सरकार है और अब नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

Also Read: ममता बनर्जी की सुरक्षा में न हो कोई बदलाव, सीएम शुभेंदु की अधिकारियों को सख्त निर्देश

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola