कोलकाता में गरजे अखिलेश यादव, बोले- दीदी से ED हारी है, अब BJP हारेगी
Published by : Ashish Jha Updated At : 27 Jan 2026 10:16 AM
Akhilesh Yadav: सपा प्रमुख ने कहा कि दीदी के खिलाफ भाजपा की कोई रणनीति कामयाब नहीं हो पाएगी. बंगाल में हिंदू उभार पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा सनातनी हिंदुओं की संरक्षक नहीं है. उनकी राजनीति का हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है.
Akhilesh Yadav : कोलकाता. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बंगाल दौरे पर हैं. कोलकाता में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला. अखिलेश यादव ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR को लेकर कहा कि बीजेपी की SIR एक्सरसाइज वोट बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि वोट घटाने के लिए है. केंद्र की एनडीए सरकार एसआईआर का उपयोग उन निर्वाचन क्षेत्रों में वैध मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने के लिए कर रही है, जहां एनडीए के जीतने की बहुत कम संभावना है. अखिलेश यादव ने कहा कि ममता दीदी से ईडी हार चुकी है और आनेवाले विधानसभा चुनाव में भाजपा भी हारेगी.
वोटर कम करने की प्रक्रिया गलत
कोलकाता में एनएससी बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा. अखिलेश यादव ने कहा कि इलेक्शन कमिशन से हमेशा ये उम्मीद की जाती है कि वो निष्पक्ष होकर काम करे. जहां शिकायत हो वे उन शिकायतों को दूर करे. मगर हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में यह देखने को नहीं मिला. ये वोट ज्यादा काटना चाहते हैं और वोट काटने का जो तरीका अपनाया गया है, वो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है. जहां भाजपा हार रही है, वहां ये लोग वोट काटने का ज्यादा काम कर रहे हैं.
सनातनी हिंदुओं की संरक्षक नहीं भाजपा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आगे कहा कि ये नफरफवादी लोग, ये दरारवादी लोग, ये भाजपा-संघ के लोग ये नहीं जानते कि बंगाल एक कल्चरल यूनिट है, ये पॉलिटिकल यूनिट नहीं है. बंगाल वह स्थान है जहां से यूनिवर्सल ह्यूमैनिज्म का संदेश दिया गया था. वे यहां सफल नहीं होंगे. अखिलेश ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ममता दीदी से हार गया. भाजपा पेन ड्राइव कांड के पेन (दर्द) से उबर नहीं पाई है. हर कोई जानता है कि भाजपा बंगाल में हारने वाली है. दीदी के खिलाफ भाजपा की कोई रणनीति कामयाब नहीं हो पाएगी. बंगाल में हिंदू उभार पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा सनातनी हिंदुओं की संरक्षक नहीं है. उनकी राजनीति का हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है.
Also Read: अभिषेक बनर्जी का भाजपा व चुनाव आयोग पर निशाना, बोले- अब SIR का खेल खत्म
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए