रेजिनगर व नाओदा से चुनाव लड़ेंगे हुमायूं, भवानीपुर में ममता के खिलाफ देंगे प्रत्याशी
Published by : BIJAY KUMAR Updated At : 18 Mar 2026 9:38 PM
हुमायूं कबीर ने घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी राज्य विधानसभा चुनाव में 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और हाइ-प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एक मुस्लिम उम्मीदवार उतारेगी.
कोलकाता.
तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर ने बुधवार को अपनी नयी पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी के 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी. बुधवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान हुमायूं कबीर ने घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी राज्य विधानसभा चुनाव में 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और हाइ-प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एक मुस्लिम उम्मीदवार उतारेगी. श्री कबीर ने कहा : हम 182 सीटों पर उम्मीदवार उतार रहे हैं. बुधवार को हम मालदा और मुर्शिदाबाद के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं. पूरी सूची रविवार को घोषित की जायेगी. उन्होंने कहा कि एआइएमआइएम उनकी पार्टी के साथ तालमेल बिठाकर, कुछ सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. हुमायूं कबीर ने कहा कि उनकी पार्टी दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी के खिलाफ पूनम बेगम को मैदान में उतारेगी, जो एक गैर-बंगाली मुस्लिम उम्मीदवार हैं.बताया गया है कि हुमायूं कबीर स्वयं मुर्शिदाबाद जिले की दो सीटों रेजिनगर और नाओदा से चुनाव लड़ेंगे. पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों में पूर्व बर्दवान के पूर्वस्थली उत्तर से बापन घोष, कांदी से कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के पूर्व दामाद यासीन हैदर, और बेलडांगा से सैयद अहमद कबीर शामिल हैं. मालदा जिले में पार्टी ने रतुआ से रॉयल इस्लाम, मालतीपुर से अब्दुल मिनाज शेख, बैष्णवनगर से मुस्कुरा बीबी, मानिकचक से अबू शैद, और शुजापुर से नसीमुल हक को मैदान में उतारा है. अन्य उम्मीदवारों में भरतपुर से सैयद खुबैब अमीन, बेहला पूर्व से अनुपम रोहदागिर, फरक्का से इम्तियाज मोल्ला और हरिहरपाड़ा से विजय शेख शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










