बांकुड़ा : मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज एलइडी लाइट लगाने वालों पर पुलिस का शिकंजा
Author Amit kumar
Updated:
विज्ञापन

सड़कों पर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और आंखों को चौंधियाने वाली अवैध एलइडी लाइटें लगाकर चलने वाले बाइक चालकों के खिलाफ बांकुड़ा जिला पुलिस और सदर ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा संयुक्त अभियान चलाया है.
विज्ञापन
बांकुड़ा.
सड़कों पर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और आंखों को चौंधियाने वाली अवैध एलइडी लाइटें लगाकर चलने वाले बाइक चालकों के खिलाफ बांकुड़ा जिला पुलिस और सदर ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा संयुक्त अभियान चलाया है. मंगलवार रात चलाये गये इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसी 10 बाइकों को जब्त किया. पकड़े गये वाहन चालकों पर जुर्माना लगाने के साथ ही पुलिस ने मौके पर ही मैकेनिक बुलाकर अवैध साइलेंसर और लाइटें खुलवा दीं.ध्वनि और प्रकाश प्रदूषण से परेशान थे लोग
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आजकल की युवा पीढ़ी अपनी बाइकों में कंपनियों द्वारा लगाये गये साइलेंसर को हटाकर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रही है. इसके कारण शहर में ध्वनि प्रदूषण काफी बढ़ गया था और बुजुर्गों व मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. इसके अलावा, अवैध एलइडी लाइटों के कारण सामने से आने वाले वाहन चालकों को देखने में दिक्कत होती थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था.
अब सीधे होगी कानूनी कार्रवाई : पुलिस
बांकुड़ा सदर थाने की पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. पुलिस ने चेतावनी दी है कि केवल बाइक चालकों पर ही नहीं, बल्कि जो मैकेनिक या गैरेज संचालक पैसे के लालच में इस तरह के अवैध मॉडिफिकेशन का काम कर रहे हैं, उन्हें भी चिह्नित कर जागरूक किया जायेगा. इसके बावजूद यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.मौके पर मौजूद रहे आलाधिकारी
मंगलवार रात हुए इस औचक अभियान के दौरान बांकुड़ा के डीएसपी (ट्रैफिक) कैलाशपति महतो, बांकुड़ा सदर थाना के आइसी प्रसेनजीत चटर्जी और ट्रैफिक थाना प्रभारी गौतम सेन समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ सड़कों पर मुस्तैद रहे. पुलिस ने सभी पकड़े गये युवाओं की काउंसिलिंग की और उन्हें दोबारा ऐसा न करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










