फतेहपुर में मनसा पूजा पंडाल के पास बड़ा भू-धसान, सैकड़ों घरों पर मंडराया खतरा
आसनसोल के फतेहपुर में मनसा पूजा पंडाल के पास जमीन धंसने से हड़कंप मच गया. सैकड़ों घरों पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए लोगों ने मदद की गुहार लगायी है.
Asansol News: पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के फतेहपुर इलाके में मनसा पूजा पंडाल के पास अचानक हुए बड़े भू-धसान से इलाके में दहशत फैल गयी. बताया जा रहा है कि मनसा पूजा के दौरान अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पंडाल के ठीक बगल में जमीन का एक बड़ा हिस्सा धंस गया. भू-धसान वाली जगह के आसपास बड़ी संख्या में मकान बने हुए हैं, जहां सैकड़ों परिवारों के हजारों लोग रहते हैं. जमीन धंसने के बाद आसपास के घरों पर भी खतरा मंडराने लगा है. स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि भू-धसान का दायरा बढ़ा तो कई मकान इसकी चपेट में आ सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है. मनसा पूजा के दौरान पंडाल के ठीक बगल में हुई इस घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. लोगों का कहना है कि जमीन के और धंसने की स्थिति में स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की सूचना इसीएल और आसनसोल नगर निगम को दे दी गई है। हालांकि, आरोप है कि अब तक सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी तत्काल मौके का निरीक्षण करें और भू-धसान के कारणों की जांच कर आवश्यक कदम उठाएं. स्थानीय लोगों का कहना है कि संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के मकानों और पूजा पंडाल की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है. लोगों ने प्रशासन और ईसीएल से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर विशेषज्ञों की टीम से जांच कराई जाए और जरूरी एहतियाती कदम उठाए जाएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








