वाम मोरचा की रैली पर हमला, 8 घायल
लोकसभा चुनाव से पहले ही शुरू हो गयीं हिंसक घटनाएं, राजनीतिक माहौल गरमाया कोलकाता : उत्तर कोलकाता के चिड़ियामोड़ के पास रविवार को वाम मोरचा की रैली पर हमले में दो महिलाओं समेत आठ लोगों के घायल होने के बाद राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है. लोकसभा चुनाव से पहले की हिंसक झड़पें होने […]
लोकसभा चुनाव से पहले ही शुरू हो गयीं हिंसक घटनाएं, राजनीतिक माहौल गरमाया
कोलकाता : उत्तर कोलकाता के चिड़ियामोड़ के पास रविवार को वाम मोरचा की रैली पर हमले में दो महिलाओं समेत आठ लोगों के घायल होने के बाद राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है. लोकसभा चुनाव से पहले की हिंसक झड़पें होने लगी हैं.
वाम मोरचा ने आरोप लगाया है कि रविवार को पुलिस की मौजूदगी में तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने रैली पर हमला किया. रैली पर पथराव किया गया, जिससे चार लोगों को गंभीर चोटें आयी हैं.
उन्हें आरजी कर अस्पताल में भरती कराया गया है. उधर, तृणमूल कांग्रेस ने वाम मोरचा के आरोपों को खारिज कर दिया. वाम मोरचा कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से लगातार हमले के आरोप में रविवार को काशीपुर इलाके में वाममोरचा की कोलकाता जिला कमेटी विरोध रैली निकालने वाली थी.
रविवार सुबह करीब 10 बजे वाममोरचा चेयरमैन बिमान बसु के नेतृत्व में दमदम चिड़िया मोड़ से विरोध रैली शुरू हुई. रैली में मानव मुखर्जी समेत कई नेता मौजूद थे. पुलिस की भी तैनाती थी. लेकिन रैली शुरू होते ही माहौल बिगड़ गया. कुछ लोगों ने रैली पर पथराव शुरू कर दिया.
उधर, वाम समर्थकों ने भी विरोध शुरू कर दिया. दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को रोकने के लिए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कोशिश शुरू कर दी. बाद में डीसी (नॉर्थ) गौरव शर्मा व अन्य अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा
सूत्रों के अनुसार, हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. काफी मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रित हो पायी. उधर, पथराव में आठ लोग घायल हो गये, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया. हालात सामान्य होने पर वाम मोरचा की रैली फिर शुरू हुई. काशीपुर थाने जा कर रैली का समापन हुआ.
क्या कहा विमान बसु ने
वाममोरचा चेयरमैन विमान बसु ने कहा कि यह घटना लोकतंत्र के खिलाफ है. रैली शुरू होने के साथ ही तृणमूल कार्यकर्ताओं ने बाधा देने की कोशिश की. पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में वामपंथी कार्यकर्ताओं पर पथराव किया गया. घायलों में तीन की हालत नाजुक बनी हुई है. श्री बसु ने कहा कि सत्तारूढ़ दल लोगों के संवैधानिक अधिकारों का हनन करने की कोशिश कर रहा है.
तृणमूल ने आरोपों को किया खारिज
तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय पार्षद शांतनु सेन ने पार्टी पर लगाये गये आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि रैली में बाहरी लोगों के शामिल होने से स्थानीय लोग नाराज थे. इस घटना से तृणमूल कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










