प्लैटिनम जुबली समारोह: सदन में तो नहीं, पर जुबान पर था विपक्ष
कोलकाता: विधानसभा के प्लैटिनम जयंती के समापन कार्यक्रम में विपक्षी दल वाममोरचा व कांग्रेस के विधायक हालांकि अनुपस्थित थे, लेकिन संसदीय लोकतंत्र के समक्ष चुनौतियां विषय पर आयोजित परिचर्चा में विरोधी दलों के समारोह के बहिष्कार का मुद्दा ही छाया रहा. सत्तारूढ़ दल के मंत्री से लेकर अन्य वक्ताओं ने बहिष्कार के लिए विरोधी दलों […]
कोलकाता: विधानसभा के प्लैटिनम जयंती के समापन कार्यक्रम में विपक्षी दल वाममोरचा व कांग्रेस के विधायक हालांकि अनुपस्थित थे, लेकिन संसदीय लोकतंत्र के समक्ष चुनौतियां विषय पर आयोजित परिचर्चा में विरोधी दलों के समारोह के बहिष्कार का मुद्दा ही छाया रहा. सत्तारूढ़ दल के मंत्री से लेकर अन्य वक्ताओं ने बहिष्कार के लिए विरोधी दलों को कोसा.
दलीय राजनीति कर रही माकपा : पार्थ
संसदीय व उद्योग मामलों के मंत्री पार्थ चटर्जी ने बहिष्कार के लिए वाममोरचा पर हमला बोलते हुए कहा कि जब वह विरोधी दल के नेता थे. उस समय सत्तारूढ़ दल के साथ लंदन दौरे पर गये थे, क्योंकि हमारी नेता ममता बनर्जी ने कहा था कि यह राज्य का मामला है, पार्टी का नहीं. लेकिन आज वे लोग राज्य का हित नहीं देख रहे हैं, वरन दलीय राजनीति कर रहे हैं. मीडिया भी नकारात्मक पहलुओं को तरजीह दे रहा है. उन्होंने कहा कि ढ़ाई साल के शासन के दौरान इस सरकार ने जनमुखी व कल्याणकारी काम किया है. विरोधी दलों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए और गठनमूलक आलोचना करनी चाहिए, लेकिन वे बाहर केवल टीवी के सामने व सदन के अंदर प्ले कार्ड दिखा रहे हैं. उनमें सद्बुद्धि लौटे.
विरोधी दल का जनता करेगी बहिष्कार : फिरहाद
शहरी विकास मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि विरोधी दलों ने 75वें वर्ष पर आयोजित समापन समारोह का बहिष्कार किया है. बंगाल की मर्यादा को ठेस पहुंचायी है. आम लोग उन लोगों का पूरा-पूरा बहिष्कार करेंगे. विधानसभा के 100वीं वार्षिकी पर उनका कोई अस्तित्व ही नहीं रहेगा. 34 वर्षो के शासन के दौरान वाममोरचा ने राज्य में गणतंत्र को नष्ट किया था. अब विरोधी दल में भी प्रजातांत्रिक व्यवस्था को नष्ट कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे लोग सदन का बहिष्कार कर रहे हैं, लेकिन विधानसभा की सुविधा व वेतन उठा रहे हैं. यह पूरी तरह से अवसरवादिता है. इसके साथ ही श्री हकीम ने सांप्रदायिकता तथा भ्रष्टाचार को संसदीय व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण चुनौती करार दिया.
विरोध के बावजूद समारोह में भाग लिया मोरचा : हरका
गोरखा जनमुक्ति मोरचा के विधायक दल के नेता हरका बहादुर छेत्री ने विरोधी दलों द्वारा समारोह के बहिष्कार अनुचित करार देते हुए कहा कि गोरखा जनमुक्ति मोरचा का सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर मत विरोध है. इसके बावजूद मोरचा ने समारोह में भाग लिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भी भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि विगत वर्षो में कोई भी निर्वाचित प्रतिनिधि दाजिर्लिंग नहीं गये थे, लेकिन मुख्यमंत्री कई बार दाजिर्लिंग गयी हैं. उन्होंने आशा जतायी कि उन लोगों की समस्याओं का समाधान होगा.
वाममोरचा को इतिहास माफ नहीं करेगा : चंद्रिमा
कानून व स्वास्थ्य राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि माकपा ने आजादी को झूठी आजादी करार दिया था, इसी तरह से 75वें वर्ष की समाप्ति पर आयोजित समारोह में शामिल नहीं होकर दलीय राजनीति को प्रश्रय दिया है. उन लोगों को इतिहास माफ नहीं करेगा. आज भी उन लोगों का संसदीय गणतंत्र पर विश्वास नहीं है. उन्होंने इस अवसर पर कार्यकालिका, व्यवस्थापिका तथा न्यायपालिका के बीच आपसी समन्वय पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि जिन्होंने समारोह में भाग नहीं लिया, तो नहीं लिया, लेकिन वे लोग नया रास्ता बनायेंगे.
दलीय राजनीति कर रहे हैं विरोधी : शोभनदेव
सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा कि विरोधी दल समारोह के अवसर पर दलीय राजनीति कर रहे हैं. कल विरोधी दल की सीट पर सत्तारूढ़ दल के विधायकों के बैठने के विवाद को खारिज करते हुए कहा कि विधानसभा का सत्र नहीं चल रहा है, वरन यह विधानसभा का विशेष समारोह है. इसमें विधानसभा के नियम लागू नहीं होते हैं.
प्रतिद्वंद्विता व संघर्ष की राजनीति कर रहे हैं विरोधी : पांजा
संसदीय सचिव डॉ. शशि पांजा ने विरोधी दलों पर प्रतिद्वंद्विता व संघर्ष की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आपसी विचार-विमर्श से किसी भी समस्या का समाधान हो सकता है, लेकिन वे लोग दलीय राजनीति को महत्व दे रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










