ममता ने कैमरन से मांगे सुझाव

Updated:
विज्ञापन

कोलकाता: छह घंटे के महानगर दौरे के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन से राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ब्रिटिश उच्चयोग में मुलाकात की और करीब आधे घंटे तक उनसे बातचीत की. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री को उपहार के रूप में अपनी लिखी पुस्तक, काम किया हुआ पंजाबी-पायजामा व डोकरा दिये. […]

विज्ञापन

कोलकाता: छह घंटे के महानगर दौरे के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन से राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ब्रिटिश उच्चयोग में मुलाकात की और करीब आधे घंटे तक उनसे बातचीत की.

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री को उपहार के रूप में अपनी लिखी पुस्तक, काम किया हुआ पंजाबी-पायजामा व डोकरा दिये. मुख्यमंत्री ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री को यहां निवेश करने का प्रस्ताव भी दिया. इसके साथ ही ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से ‘न्यू सिल्क रोड’ का विस्तार करने के लिए आग्रह किया, क्योंकि इससे पूर्व, दक्षिण व मध्य एशिया में कारोबार का विस्तार किया जा सकता है.

यूएस की सेक्रेटरी ऑफ स्टेट हिलेरी क्लिंटन ने भी मई 2012 में मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में इस पर ध्यान देने को कहा था. इस मौके पर राज्य के वित्त मंत्री अमित मित्र ने राज्य में निवेश की संभावनाओं से कैमरुन के साथ आये 20 लोगों के वाणिज्यिक प्रतिनिधियों को अवगत कराया. इसके अलावा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता शहर को लंदन की भांति सौंदर्यीकरण के लिए उनसे सुझाव मांगे और वहां के विशेषज्ञों को इसमें मदद करने की अपील की. ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने उनके इस आवेदन को स्वीकारते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है.

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने हुगली नदी के किनारे बसे कोलकाता शहर को भी टेम्स नदी के किनारे बसे लंदन की भांति सजाने की योजना बनायी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बैठक में डीएफआइडी द्वारा राज्य में क्रियान्वित की जानेवाली योजनाओं को लेकर भी चर्चा की गयी. ब्रिटिश सरकार की निवेश संस्था डीएफआइडी द्वारा बंगाल सरकार को विभिन्न परियोजनाओं के लिए राशि दी गयी है, जिससे ऊर्जा क्षेत्र, पीएसयू व परिवहन निगम पर खर्च किया जा रहा है. राज्य सरकार ने इसे और बढ़ाने की मांग की है. ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने छह घंटा व्यापी महानगर दौरे के दौरान हावड़ा ब्रिज, हावड़ा स्टेशन, डलहौजी, मैदान क्षेत्र व आइआइएम जोका का परिदर्शन किया और रात को महानगर छोड़ने से पहले वह कैमेक स्ट्रीट स्थित वरदान मार्केट भी गये और वहां से सीधे कोलकाता एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गये.

निगम ने किया ब्रिटिश सरकार से करार
शहर में कार्बन का उत्सजर्न कम करने को लेकर कोलकाता नगर निगम ने ब्रिटिश सरकार के साथ करार किया है. गुरुवार को दोनों पक्षों ने इस पर हस्ताक्षर किये. इंग्लैंड की ओर से प्रधानमंत्री डेविड कैमरून के साथ कोलकाता के दौरे पर आये वहां की ऊर्जा व जलवायु परिवर्तन विभाग (डीइसीसी) के राज्य मंत्री ग्रेग बार्कर ने गुरुवार को मेयर शोभन चटर्जी के साथ मुलाकात कर इस समझौते पर हस्ताक्षर किया. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा इस ऐतिहासिक शहर की स्थिति में परिवर्तन लाने का एलान किये जाने के बाद निगम प्रशासन ने विभिन्न उपाय की तलाश करना शुरू किया था. जहरीली कार्बन गैस के उत्सजर्न को कम करने के उपाय तलाशने के लिए निगम ने ब्रिटिश सरकार से मदद की गुहार लगायी थी. निगम की अपील को स्वीकार करते हुए ब्रिटिश सरकार मदद के लिए तैयार हो गयी है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola