तृणमूल संगठन में फेरबदल

कोलकाता: राज्य में भाजपा के बढ़ते प्रभाव से निपटने व नगरपालिका और विधानसभा चुनावों को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांगठनिक पदों पर बड़ा बदलाव किया गया है. पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने नेताजी इनडोर स्टेडियम में हुई बैठक में बदलाव की जानकारी दी. तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद से शुभेंदु अधिकारी को हटा […]
कोलकाता: राज्य में भाजपा के बढ़ते प्रभाव से निपटने व नगरपालिका और विधानसभा चुनावों को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांगठनिक पदों पर बड़ा बदलाव किया गया है. पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने नेताजी इनडोर स्टेडियम में हुई बैठक में बदलाव की जानकारी दी. तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद से शुभेंदु अधिकारी को हटा दिया गया है. उनके स्थान पर विष्णुपुर के नव निर्वाचित सांसद सौमित्र खान को अध्यक्ष बनाया गया है. शुभेंदु को पार्टी का महासचिव बनाया गया है. महासचिव पद शिउली साहा को भी दिया गया है.
इसके बाद, शुभेंदु अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें जो दायित्व दिया गया है, उसे पूरा करने का वह पूर्ण प्रयास करेंगे. मालदा जिला अध्यक्ष पद से सावित्री मित्र को हटा कर मोआज्जिम हुसैन को अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को राज्य कमेटी का सदस्य बनाया गया है. लोकसभा चुनाव में जलपाईगुड़ी लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के प्रचार अभियान के प्रमुख सौरभ चक्रवर्ती को उनके कार्य का इनाम देते हुए उन्हें जलपाइगुड़ी का जिलाध्यक्ष बनाया गया है. इस जिले में वर्किग प्रेसिडेंट चंदन भौमिक व विजय कृष्ण बर्मन को चेयरमैन बनाया गया है.
उत्तर 24 परगना का जिलाध्यक्ष ज्योतिप्रिय मल्लिक को बनाया गया है, जबकि ऑबजर्वर निर्मल घोष होंगे. पूर्व मेदिनीपुर में अध्यक्ष शिशिर अधिकारी व वर्किग प्रेसिडेंट अखिल गिरि हैं. पश्चिम मेदिनीपुर में वर्किग प्रेसिडेंट आशीष चक्रवर्ती व चूणामणि महतो को बनाया गया है. अलीपुरद्वार का जिलाध्यक्ष दशरथ तिरके व चेयरमैन अनिल अधिकारी और वर्किग प्रेसिडेंट मृदुल गोस्वामी को बनाया गया है. तृणमूल शिक्षा सेल के चेयरमैन का दायित्व व्रात्य बसु संभालेंगे, वर्किग प्रेसिडेंट का दायित्व अनुपम हाजरा व तापस मंडल को दिया गया है. एसएसटी सेल के चेयरमैन पद से गोविंद नस्कर को हटा कर उनके स्थान पर सुनील मंडल को लाया गया है. महासचिव के पद पर उमा सोरेन को लाया गया है.
वहीं, अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष पद से नवनिर्वाचित सांसद इदरीश अली को हटा कर हाजी नुरुल इसलाम को लाया गया है. बाइचुंग भूटिया को दाजिर्लिंग जिला का उपाध्यक्ष बनाया गया है. पार्टी ने फैसला लिया है कि सभी नवनिर्वाचित 34 सांसदों के एमपी लैड के फंड का संयोजन फिरहाद हकीम करेंगे. हालांकि संध्या राय के एमपी लैड फंड का संयोजन दिनेश राय, देव का आशीष चक्रवर्ती और मुनमुन सेन के एमपी लैड के फंड की देखरेख अरूप खान करेंगे.
जिला परिषद के कामकाज का संयोजन सुब्रत मुखर्जी करेंगे. पार्टी की ओर से सदस्यों की संख्या बढ़ाने के लिए 21 जुलाई से अभियान शुरू होगा. इसमें पांच लाख नये सदस्यों की भरती का लक्ष्य रखा गया है. सदस्य बनने के लिए एक रुपये लगेंगे, हालांकि 500, एक हजार और 10 हजार रुपये भी चंदे के तौर पर दिये जा सकते हैं. ब्लॉक व जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यों की नयी सूची जिलों को 15 जून के भीतर मुकुल राय को दे देनी होगी. तृणमूल पदाधिकारियों व नेताओं की बैठक में पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पद पर बने रहने के लिए काम ही एकमात्र पैमाना होगा. उन्होंने रंगदारी वसूलनेवालों के खिलाफ कड़ा कदम उठाने का नारा दिया. साथ ही भाजपा के बढ़ते प्रभाव से निपटने के लिए नेताओं से संबंधित इलाकों में कामकाज करने पर जोर देने के लिए कहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




