जलपाईगुड़ी में गाय चोरी के आरोप में दो युवकों की हत्या

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 28 Aug 2017 9:15 AM

विज्ञापन

जलपाईगुड़ी. गाय चोरी करने के आरोप में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. यह घटना धूपगुड़ी की गादंग एक नंबर ग्राम पंचायत के बारोहालिया गांव में घटी. धूपगुड़ी पुलिस ने मृतकों की पहचान अनवर हुसैन और हफीजुल शेख के रूप में की है. दोनों की उम्र 18 से 20 साल के बीच है. […]

विज्ञापन
जलपाईगुड़ी. गाय चोरी करने के आरोप में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. यह घटना धूपगुड़ी की गादंग एक नंबर ग्राम पंचायत के बारोहालिया गांव में घटी. धूपगुड़ी पुलिस ने मृतकों की पहचान अनवर हुसैन और हफीजुल शेख के रूप में की है. दोनों की उम्र 18 से 20 साल के बीच है. अनवर हुसैन का घर कूचबिहार जिले के पुंडीबाड़ी थाने के साकुनीबाला इलाके में है. वहीं हफीजुल शेख का घर असम के धुबरी के छोटगुमा में है. इस घटना को लेकर अभी तक किसी गिरफ्तारी की खबर नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब ढाई बजे बारोहालिया गांव से एक पिकअप वैन तेज गति से गुजर रही थी. गाड़ी की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गये. उन्होंने इसके बाद एक और गाड़ी को देखा और उसे रोक लिया. गाड़ी में गायें लदी हुई थीं. ग्रामीणों ने पूछा कि इतनी रात को गायों को कहां ले जाया जा रहा है. इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गाड़ी में मौजूद दो लोगों की सामूहिक पिटाई शुरू कर दी गयी, जिसमें उनकी मौत हो गयी. गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गयी.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीते काफी दिनों से इलाके में मवेशी चोरी हो रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मवेशी चोर रात में पिकअप वैन लेकर निकलते हैं और मवेशी चोरी कर लेते हैं.
खबर मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा. दोनों शवों को पुलिस ने धूपगुड़ी अस्पताल भेज दिया है. गाड़ी और उस पर लदे मवेशियों को धूपगुड़ी थाने लाया गया है. पुलिस ने बताया कि फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है.
बढ़ रही हैं ऐसी वारदातें
बीते कुछ महीनों में उत्तर बंगाल में गाय चोरी के आरोप में हिंसक वारदात की कई घटनाएं घट चुकी हैं. गत 23 जून को गाय चोर होने के संदेह में ग्रामीणों ने पीट-पीटकर तीन लोगों की हत्या कर दी थी. यह घटना उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर महकमा अंतर्गत चोपड़ा के सोनापुर ग्राम पंचायत इलाके में घटी थी. इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था. तीन दिन पहले ही, 24 अगस्त को जलपाईगुड़ी जिले में गाय चोर होने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके घर की दो महिला सदस्यों की पिटाई किये जाने का मामला सामने आया. यह घटना सातकुरा चड़कडांगा इलाके में घटी थी. नजरूल इस्लाम इलाज के लिए परिवार की दो महिला सदस्यों के साथ अस्पताल जा रहा था, उस वक्त रास्ते में कुछ लोगों ने उसे गाय चोर बताकर उस पर हमला कर दिया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola