नवोदय विद्यालय के खाने में मिला मरा मेंढक, थाली छोड़कर भागे बच्चे, जानें पूरा मामला
नवोदय विद्यालय की थाली में मिला मरा मेंढक
धनेवा स्थित नवोदय विद्यालय में तब हड़कंप मच गया जब छात्रों को परोसी गई चने की सब्जी में मरा हुआ मेंढक मिला. घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने सब्जी नष्ट कराकर दोबारा भोजन तैयार कराया. मामले की जांच के डीएम ने आदेश दिए हैं.
UP News : उत्तर प्रदेश के धनेवा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय आवासीय विद्यालय में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छात्रों को परोसी गई चने की सब्जी में मरा हुआ मेंढक मिलने का मामला सामने आया. एक छात्र की थाली में मेंढक मिलने के बाद बच्चों ने खाना खाने से इनकार कर दिया और अपनी थालियां छोड़कर कमरों में लौट गए. मामला सामने आने के बाद विद्यालय प्रशासन ने सब्जी नष्ट कराकर दोबारा भोजन तैयार कराया.
चने की सब्जी और पूड़ी बनी थी
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर विद्यालय के छात्रावास में मेन्यू के अनुसार बच्चों के लिए चने की सब्जी और पूड़ी तैयार की गई थी. भोजन परोसने के बाद छात्र खाना खाने बैठे थे. इसी दौरान एक छात्र की थाली में चने की सब्जी के अंदर मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया. इसे देखते ही छात्रों में हड़कंप मच गया और उन्होंने भोजन करने से साफ इनकार कर दिया.
थाली छोड़कर कमरों में लौटे छात्र
मरा हुआ मेंढक मिलने की जानकारी अन्य छात्रों को हुई तो उन्होंने भी खाना खाने से इनकार कर दिया. बच्चे अपनी थालियां छोड़कर वापस कमरों में चले गए. मामले की जानकारी विद्यालय प्रशासन को दी गई. इसके बाद प्राचार्य धीरज कुमार मौके पर पहुंचे और भोजन की जांच कराई.
सब्जी नष्ट कराकर दोबारा बनवाया खाना
प्राचार्य के पहुंचने के बाद पहले से तैयार चने की सब्जी को नष्ट करा दिया गया. इसके बाद छात्रों के लिए दोबारा भोजन तैयार कराया गया. नया भोजन बनने के बाद छात्रों ने खाना खाया. घटना के बाद विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
डीएम बोले- मामला गंभीर, कराई जाएगी जांच
मामले को लेकर जिलाधिकारी और नवोदय स्कूल समिति के अध्यक्ष गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि उन्हें अभी इस घटना की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो यह गंभीर लापरवाही है. डीएम ने कहा कि प्राचार्य से पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल
आवासीय विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं और उन्हें रोजाना विद्यालय की ओर से भोजन उपलब्ध कराया जाता है. ऐसे में खाने में मरा हुआ मेंढक मिलने की घटना ने भोजन की गुणवत्ता और रसोई की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि भोजन में मेंढक कैसे पहुंचा और इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है.
Also Read : IIT कानपुर के छात्रों ने निकाली कांवड़ यात्रा, सरसैया घाट से गंगाजल लाकर किया आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









