लखनऊ में देर रात दो कार हादसे, कहीं आग ने छीनी जान, कहीं लावारिस गाड़ी से मिला शव, जानें पूरा मामला

Updated:
विज्ञापन

युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई

UP News: लखनऊ में दो भयावह घटनाएं सामने आई हैं. बख्शी का तालाब में एक कार में भीषण आग लगने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आशियाना में एक लावारिस कार से सड़ा-गला शव मिला है. ये घटनाएं शहर में सुरक्षा पर सवाल उठा रही हैं.

विज्ञापन

UP News: लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया. सरैया मोड़ के पास मारुति जेन कार में अचानक आग लग गई, जिसमें एक युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई. दमकल की टीम जब तक आग पर काबू पाती, तब तक कार के अंदर युवक का केवल कंकाल बचा था.

आग बुझाने के बाद ड्राइविंग सीट पर मिला शव

घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे की है. सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. उस समय कार पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद जब कार का दरवाजा खोला गया तो ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति का पूरी तरह जला हुआ शव मिला. सीट पर सिर्फ कंकाल बचा था और एक हाथ सीट में फंसा हुआ था. घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए.

कार नंबर से हुई मृतक की पहचान

एसीपी विकास पांडेय के मुताबिक, शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटाई. जांच में पता चला कि कार खुर्रमनगर निवासी हमीदुल के बेटे अलमाश के नाम पर दर्ज है. परिजनों से संपर्क करने के बाद पुष्टि हुई कि कार में मिला शव 32 वर्षीय अलमाश का ही है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. एसीपी ने बताया कि कार में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. यह भी जांच की जा रही है कि आग चलती कार में लगी थी या वाहन खड़ा था.

आशियाना में लावारिस कार से मिला दूसरा शव

वहीं, लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में भी गुरुवार रात एक लावारिस कार से शव मिलने का मामला सामने आया. सालेहनगर चौराहे पर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार से तेज दुर्गंध आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस के अनुसार, कार पिछले तीन दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच की तो अंदर एक व्यक्ति का शव मिला. कार का रजिस्ट्रेशन नंबर UP 33 BB 8989 बताया गया है. जांच में मृतक की पहचान रायबरेली के निरालानगर निवासी उदय भान सिंह के बेटे ज्ञानेंद्र सिंह के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Must Read- 7 साल तक चलता रहा मुकदमा, बलिया चर्चित हत्याकांड में बाप-बेटे समेत 9 दोषियों को उम्रकैद


विज्ञापन
Komal Agarwal

लेखक के बारे में

By Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola