एक बेटी प्रेग्नेंट थी, दूसरी ने की लव मैरिज... आगरा में 48 घंटे में दो बेटियों की हत्या

Updated:
विज्ञापन

पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी

UP News : आगरा में 48 घंटे के भीतर दो ऐसी दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है. दोनों ही मामलों में बेटियों की मौत हुई और दोनों के पिता ही आरोपी हैं.

विज्ञापन

UP News : ताजमहल के शहर आगरा से 48 घंटे के भीतर दो ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. दोनों मामलों में बेटियों की मौत हुई और दोनों मामलों में पुलिस ने उनके पिता को आरोपी बनाया है. एक युवती शादी से पहले गर्भवती थी, जबकि दूसरी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था. पुलिस दोनों मामलों में जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है.

48 घंटे में सामने आए दो सनसनीखेज मामले

आगरा की पहचान दुनिया भर में ताजमहल और प्रेम की मिसाल से होती है, लेकिन पिछले 48 घंटे में सामने आई दो घटनाओं ने इस शहर को अलग ही वजह से सुर्खियों में ला दिया. दोनों मामलों में बेटियों की मौत हुई और दोनों की वजह पुलिस के मुताबिक प्रेम संबंध और परिवार की कथित सामाजिक बदनामी का डर बताया जा रहा है.

चार महीने की गर्भवती बेटी की हत्या का आरोप

पहला मामला दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक, 18 वर्षीय युवती शादी से पहले चार महीने की गर्भवती थी. आरोप है कि उसके पिता को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने हत्या की साजिश रची. पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी बेटी को आगरा के बासौनी इलाके में चंबल नदी के किनारे ले गया, जहां दामाद की मदद से उसे नदी में डुबो दिया गया.

मौत को आत्महत्या दिखाने की कोशिश

पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद शक से बचने के लिए आरोपी ने बेटी के जल प्रवाह की तस्वीरें भी खिंचवाईं. घर लौटकर पड़ोसियों से कहा गया कि युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है. जब युवती घर नहीं लौटी तो पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बयान पर संदेह हुआ. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद दिल्ली पुलिस उसे बासौनी लेकर पहुंची, जहां गोताखोरों की मदद से युवती के शव की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, युवती का इलाके के ही एक नाबालिग युवक से प्रेम संबंध था और करीब एक महीने पहले पिता को उसकी गर्भावस्था की जानकारी मिली थी. इसके बाद उसने बेटी की हत्या की योजना बनाई.

दूसरी घटना: प्रेम विवाह से नाराज पिता पर बेटी की हत्या का आरोप

दूसरा मामला आगरा के जैतपुर क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय अंकिता ने इसी साल फरवरी में अपने सहपाठी और आईटीबीपी जवान अमित उर्फ अनिल से प्रेम विवाह किया था. आरोप है कि इस शादी से नाराज पिता ने रविवार रात दुपट्टे और रस्सी से गला घोंटकर बेटी की हत्या कर दी.

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पड़ोसियों ने घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनीं तो पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में अंकिता का शव मिला. पुलिस के अनुसार, पिता मौके पर ही मौजूद था और पूछताछ के दौरान उसने घटना से जुड़ी जानकारी दी. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई.

दो परिवार, दो बेटियां... वजह लगभग एक जैसी

दोनों घटनाएं अलग-अलग परिवारों की हैं, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों मामलों में प्रेम संबंध और परिवार की कथित 'इज्जत' को वजह बताया जा रहा है. एक बेटी इसलिए मारी गई क्योंकि वह बिना शादी के मां बनने वाली थी, जबकि दूसरी इसलिए क्योंकि उसने अपनी पसंद से शादी कर ली. दोनों को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का मौका नहीं मिल सका.

समाज के सामने बड़ा सवाल

इन दोनों घटनाओं ने समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या परिवार की कथित इज्जत किसी बेटी की जिंदगी से बड़ी हो सकती है? क्या प्रेम करना या अपनी पसंद से शादी करना इतनी बड़ी गलती है कि उसकी सजा मौत हो? इन सवालों के जवाब अब कानून और समाज—दोनों को तलाशने होंगे.

Input : Lucky Kumari

Also Read : रजत और कांस्य पदक जीतने वाले गुलवीर सिंह को मिलेगा 1.25 करोड़, UP सरकार ने किया सम्मान का ऐलान


विज्ञापन
रवि रंजन कुमार

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola