पापा... लड़ाई मत करिए'... इतना कहते ही बेटी पर टूट पड़ा पिता, झगड़ा रोकने आई बेटी सुषमा की खूंटे से कर दी हत्या
आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया
UP News: भदोही से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 17 साल की बेटी सुषमा अपने पिता और चाची के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंची थी. दुर्भाग्यवश, पिता के गुस्से का शिकार हुई और उसकी निर्मम हत्या कर दी गई.
UP News: उत्तर प्रदेश के भदोही से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. एक 17 साल की बेटी अपने पिता और चाची के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंची थी. वह बार-बार अपने पिता से कह रही थी कि लड़ाई मत करिए, लेकिन अगले ही पल गुस्से में पिता ने पशु बांधने वाले लकड़ी के खूंटे से बेटी के सिर पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल किशोरी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
पिता और चाची के बीच हो रहा था विवाद
यह घटना भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के वेदमनपुर रोटहा गांव की है. पुलिस के मुताबिक गांव निवासी राजेश यादव का अपनी चाची से उपले बेचने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई.
झगड़ा रोकने पहुंची बेटी बनी गुस्से का शिकार
घर में हो रहे विवाद को देखकर राजेश यादव की 17 वर्षीय बेटी सुषमा बाहर आई. उसने कोशिश की कि किसी तरह झगड़ा शांत हो जाए और परिवार का विवाद आगे न बढ़े. लेकिन उस समय पिता का गुस्सा बेकाबू था. बताया जा रहा है कि पहले उसने बेटी को धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई. इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ. उसने पास में रखा पशुओं को बांधने वाला लकड़ी का खूंटा उठाया और सुषमा के सिर पर पूरी ताकत से वार कर दिया.
सिर और कान से बहने लगा खून, अस्पताल ले जाते समय मौत
खूंटे का वार इतना जोरदार था कि सुषमा के सिर और कान से खून बहने लगा. घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजन उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया. लेकिन वाराणसी पहुंचने से पहले ही रास्ते में सुषमा ने दम तोड़ दिया.
अभी-अभी ग्रेजुएशन में लिया था दाखिला
सुषमा ने हाल ही में ग्रेजुएशन में दाखिला लिया था. परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं. वह पढ़-लिखकर अपने भविष्य के सपने संजो रही थी. लेकिन एक पल का गुस्सा उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया और परिवार के सारे सपने टूट गए.
गांव में पसरा मातम, हर कोई पूछ रहा एक ही सवाल
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा छा गया. जिसने भी यह खबर सुनी, वह यही कहता रहा कि आखिर एक पिता अपनी बेटी के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है.
आरोपी पिता गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी पिता राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Input : Lucky Kumari
Also Read : Gen-Z को साधने की तैयारी में योगी सरकार,UP में बनेगा राज्य युवा आयोग; युवाओं की राय से तय होगी नई नीति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










