लखनऊ में पूर्व मंत्री और भाजपा नेता की 7वीं मंजिल से गिरकर मौत, CCTV खंगाल रही पुलिस

लखनऊ में पूर्व मंत्री और भाजपा नेता की 7वीं मंजिल से गिरकर मौत
UP News: लखनऊ के दारुलशफा स्थित नए विधायक आवास में पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की 7वीं मंजिल से गिरने से दुखद मौत हो गई. पुलिस घटना की जांच कर रही है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान अहम भूमिका निभा रहे हैं.
UP News: लखनऊ के दारुलशफा स्थित नए विधायक आवास में मंगलवार को पूर्व मंत्री और भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नानकदीन भुर्जी की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. गंभीर हालत में उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हादसे का है या आत्महत्या का.
सीसीटीवी और साक्ष्यों के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
भाजपा ओबीसी मोर्चा में निभा रहे थे अहम जिम्मेदारी
56 वर्षीय नानकदीन भुर्जी भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री थे और हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी थे. घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे. भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि नानकदीन भुर्जी के सातवीं मंजिल से गिरने की सूचना मिलते ही सभी लोग मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उनके निधन की जानकारी मिली.
राजनीति में लंबा सफर, डिप्रेशन की भी चर्चा
नानकदीन भुर्जी लंबे समय से पिछड़ा वर्ग की राजनीति में सक्रिय थे. वह लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के सदस्य रहने के साथ बसपा सरकार में राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सलाहकार की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे. पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे. हालांकि उनकी मौत की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
Must Read- गांव से नहीं, लखनऊ में होगी रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी, रिसेप्शन को लेकर भी किया खुलासा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Komal Agarwal
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










