अयोध्या में CM योगी का बयान, इतिहास सबक भी है और प्रेरणा भी, संभल में 500 साल पहले हुई घटना का किया जिक्र

Updated:
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में इतिहास के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि इतिहास केवल परीक्षा का विषय नहीं, बल्कि उससे प्रेरणा और सबक लेने का माध्यम है. 500 साल पहले संभल और अयोध्या में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने एकता की कमी को बड़ी वजह बताया.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 अगस्त को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में इतिहास को केवल पढ़ने का विषय नहीं, बल्कि उससे सीख और प्रेरणा लेने का माध्यम बताया. उन्होंने कहा कि 500 साल पहले संभल में हरिहर मंदिर को तोड़कर गुलामी का ढांचा खड़ा किया गया और इसके दो साल बाद अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भी ऐसी ही घटना दोहराई गई.

इतिहास सिर्फ पढ़ने का विषय नहीं

उन्होंने कहा कि इतिहास केवल परीक्षा में प्रश्नों के उत्तर देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह प्रेरणा और सबक भी देता है. अतीत के गौरवशाली क्षणों से हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है, वहीं अतीत की गलतियां भविष्य में उन्हें दोहराने से बचने का अवसर देती हैं. उन्होंने कहा कि इतिहास की अनदेखी का अर्थ अतीत की गलतियों को दोहराने का प्रयास करना है.

संभल और अयोध्या का किया जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1526 में, आज से करीब 500 वर्ष पहले, संभल में श्री हरिहर मंदिर को तोड़कर वहां गुलामी का ढांचा खड़ा किया गया था. उन्होंने कहा कि अगर 1526 में ही इसका एकजुट होकर प्रतिकार हुआ होता तो संभव है कि 1528 में अयोध्या में राम जन्मभूमि पर ऐसी घटना दोहराने का दुस्साहस कोई नहीं करता. उन्होंने कहा कि दो साल बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि को क्षतिग्रस्त कर सनातन धर्मावलंबियों को अपमानित किया गया.

एकता की कमी को बताया बड़ी वजह

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुलामी से पहले भारत के पास बल, बुद्धि और वैभव की कोई कमी नहीं थी. कमी थी तो एकता की और एक दिशा में, एक स्वर में साथ चलने की. उन्होंने कहा, “हम बंटे थे और इसीलिए तो कटे थे.” सीएम योगी ने इतिहास से सीख लेते हुए एकजुटता को जरूरी बताया.

विभाजन की पीड़ा का भी किया उल्लेख

14 अगस्त 1947 का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आजादी से ठीक एक दिन पहले केवल हिंदू और सिख ही नहीं कटे थे, बल्कि भारत भी बंटा था. उन्होंने कहा कि सदियों से एक इकाई के रूप में रहा भारत विभाजन की त्रासदी से गुजरा. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में इतिहास के इन प्रसंगों को वर्तमान पीढ़ी के लिए सबक बताते हुए अतीत से सीख लेने पर जोर दिया.

राम जन्मभूमि आंदोलन और परमहंस रामचंद्र दास को किया याद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगद्गुरु रामानुजाचार्य की 23वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि परमहंस रामचंद्र दास जी महाराज के जीवन का एकमात्र ध्येय श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण था. राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका रही और उनका पूरा जीवन इस आंदोलन के लिए समर्पित रहा. सीएम ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रदेश के राम भक्तों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

Must Read: UP में इलाज के नाम पर धोखाधड़ी, कहीं डॉक्टर नहीं तो कही अस्पताल बंद, जानिए स्वास्थ्य केंद्रों की हकीकत


विज्ञापन
खुशबू कुमारी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola