"बेजुबानों को बचाने गई थी मां", बदायूं में 2 मंजिला मकान ढहने से महिला समेत 3 पशुओं की मलबे में दबकर मौत
महिला समेत 3 पशुओं की मलबे में दबकर मौत
UP News: उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दो मंजिला मकान गिरने से एक महिला और तीन पशुओं की मलबे में दबकर मौत हो गई. महिला उस समय पशुओं को बचाने के लिए बाहर निकली थीं जब हादसा हुआ.
UP News: उत्तर प्रदेश के बदायूं में बृहस्पतिवार तड़के दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. मलबे में दबने से 55 वर्षीय महिला अगरवती की मौत हो गई, जबकि तीन पशुओं की भी जान चली गई. हादसा उझानी क्षेत्र के गांव मीहलाल नगला में करीब सुबह पांच बजे हुआ. महिला हादसे के समय पशुओं को खोलने के लिए मकान के बाहरी हिस्से में गई थीं.
पशुओं को खोलने पहुंची थीं महिला
गांव मीहलाल नगला निवासी प्रताप सिंह का दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा अचानक ढह गया. उस समय उनकी पत्नी अगरवती और चार पशु वहां मौजूद थे. मकान का मलबा गिरने से महिला और पशु उसकी चपेट में आ गए. अगरवती बाहरी छोर पर दबी थीं, इसलिए ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. हादसे में चार में से तीन पशुओं की भी मौत हो गई.
बारिश से कमजोर हुआ था मकान का हिस्सा
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इसके बाद एसडीआरएफ की दो टीमें और नगर पालिका उझानी से जेसीबी मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ की टीम ने मलबा हटाया, जिसके बाद मृत पशुओं को बाहर निकाला गया. बताया गया कि इस मकान में कोई नहीं रहता था. मकान का अगला हिस्सा पहले से दरका हुआ था और बारिश में भीगने के कारण वह और कमजोर हो गया था, जिसके बाद अचानक ढह गया.
भाई के मकान को भी पहुंचा नुकसान
मकान का हिस्सा गिरने से प्रताप सिंह के छोटे भाई नन्हे के मकान का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया. मृतका के बेटे विपिन ने बताया कि उनकी मां पशुओं को खोलने के लिए गई थीं, तभी अचानक मकान का हिस्सा गिर गया. प्रताप सिंह अपने परिवार के साथ इसी मकान के पास बने दूसरे घर में रहते हैं. अगरवती की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कोमल अग्रवाल
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










