हवन कुंड में दो लाशें, महंत संग वायरल फोटो... और अब सामने आई 'मिस्ट्री गर्ल' का वो खौफनाक सच!
बागपत हत्याकांड में वायरल फोटो से बढ़ा रहस्य
UP Crime News :बागपत के गणेश मंदिर में दो दोस्तों की हत्या के मामले में महंत के साथ वायरल हुई युवती ने महंत के साथ अफेयर की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है. उसने महंत को पिता समान बताया और वायरल तस्वीर से जुड़े राज़ खोले.
UP Crime News : उत्तर प्रदेश के बागपत में दो दोस्तों की हत्या के मामले में वायरल एक तस्वीर ने जांच को नया मोड़ दे दिया है. गणेश मंदिर के महंत नरेशनाथ के साथ वायरल फोटो में दिख रही युवती मृतक अंकित की बहन है. अब युवती ने सामने आकर महंत के साथ अफेयर की चर्चा को खारिज किया है. उसका कहना है कि महंत नरेशनाथ उसके लिए पिता के समान थे.
हवन कुंड के पास मिले थे दो दोस्तों के शव
मामला चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर परिसर का है. यहां अंकित और इसरार के शव हवन कुंड के पास जमीन में दबे मिले थे. दोनों दोस्त थे. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. बताया गया कि मंदिर का महंत नरेशनाथ इसी हवन कुंड पर साधना करता था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मंदिर से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आई.
दो शिष्य गिरफ्तार, महंत फरार
पुलिस ने मामले में मंदिर से जुड़े दो शिष्यों को गिरफ्तार किया है. वहीं महंत नरेशनाथ और एक अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं. जांच के दौरान महंत नरेशनाथ की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई. इसमें वह एक युवती का हाथ पकड़े नजर आ रहा था. बाद में युवती की पहचान मृतक अंकित की बहन के रूप में हुई.
वायरल फोटो को लेकर क्या बोली अंकित की बहन?
अंकित की बहन ने महंत के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध से साफ इनकार किया है. उसने कहा कि महंत नरेशनाथ उसके लिए पिता समान थे. वह उन्हें बाबा या पिता की तरह मानती थी. महंत भी उसे अपनी बेटी कहते थे. युवती ने कहा कि दोनों के बीच अफेयर होने की बात गलत है. उसके मुताबिक, यह सिर्फ अफवाह है.
हरिद्वार की है वायरल तस्वीर
वायरल फोटो को लेकर युवती ने बताया कि यह तस्वीर हरिद्वार की है. उसने दावा किया कि वह उस समय अकेली नहीं थी. उसके साथ परिवार के लोग भी मौजूद थे. इसी तस्वीर को लेकर अंकित और इसरार के महंत के पास पहुंचने की बात सामने आई थी. इसके बाद दोनों दोस्तों की हत्या कर शव मंदिर परिसर में हवन कुंड के पास दफन किए जाने का आरोप लगा.
हत्या की वजह पर अब भी सवाल
पुलिस की जांच में महंत और युवती के कथित संबंधों को हत्या की वजह से जोड़कर देखा गया था. हालांकि, अब मृतक की बहन के बयान से मामले में एक अलग पक्ष सामने आया है.फिलहाल महंत नरेशनाथ फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि अंकित और इसरार की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और दोनों के शव मंदिर परिसर में हवन कुंड के पास क्यों दफन किए गए.
Must Read : नशीली चाय पिलाई, फिर जहर का इंजेक्शन लगाया... जिंदा दफना दिया, जानिए बागपत डबल मर्डर की पूरी कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







