सीतापुर में फंदे से लटकी मिली पत्नी, दूसरे कमरे में मिला बेटे का शव, पति हिरासत में

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के सीतापुर से दिल दहला देने वाली खबर आई है, जहां एक घर से मां और उसके पांच माह के बेटे के शव मिले. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

UP News : उत्तर प्रदेश के सीतापुर में मंगलवार को एक ही घर से मां और उसके पांच माह के बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई. महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला, जबकि दूसरे कमरे में उसका पांच माह का बेटा मृत अवस्था में पाया गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मायकेवालों ने महिला और उसके बच्चे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है.

घर के अलग-अलग कमरों में मिले मां-बेटे के शव

जानकारी के अनुसार, नवस रजत मोहल्ला के जलालपुर देहात वार्ड नंबर 16 निवासी विजय कश्यप की 25 वर्षीय पत्नी रूबी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला. वहीं, दूसरे कमरे में उसका पांच माह का बेटा अनुराग अर्धनग्न अवस्था में मृत पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एडिशनल एसपी, सीओ महोली, नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह और महोली इंस्पेक्टर दिलीप कुमार चौबे समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मां और बेटे के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोप

रूबी मूल रूप से लखीमपुर जिले के पासीगामा थाना क्षेत्र के जमुका गांव की रहने वाली थी. उसके पिता खुशीराम और भाई हरिनाम ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि रूबी की बीमारी के दौरान उसकी ठीक से दवा नहीं कराई गई और उसकी हत्या की गई है. मायकेवालों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

पति के घर पर नहीं होने का ससुराल पक्ष का दावा

वहीं, ससुरालीजनों का कहना है कि घटना के समय रूबी का पति विजय कश्यप घर पर मौजूद नहीं था. बताया गया कि वह चारा लेने के लिए खेत की ओर गया था. इसी दौरान घर में यह घटना हुई. हालांकि, पुलिस ने मृतका के पति विजय कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

तहरीर मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

मीडिया रेपोर्ट्स के अनुसार सीओ महोली दीपक सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है. अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है. तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इंस्पेक्टर महोली दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पति से पूछताछ की जा रही है.

Also Read : 11 से 15 अगस्त तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन, दिल्ली जाने से पहले जान लें वैकल्पिक रूट


विज्ञापन
रवि रंजन कुमार

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola