मैरीकॉम के गुरु छोटे लाल यादव को द्रोणाचार्य सम्मान, काशी में खुशी की लहर
मैरीकॉम और कोच छोटे लाल यादव (क्रेडिट सोशल मीडिया)
भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम के कोच और मैरीकॉम के व्यक्तिगत कोच रहे छोटे लाल यादव को प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य सम्मान मिला है. इस उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में खुशी का माहौल है.
UP News: भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम के कोच और दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम के व्यक्तिगत कोच रहे छोटे लाल यादव को प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य सम्मान से नवाजा जाएगा. वाराणसी के रहने वाले छोटे लाल यादव की इस उपलब्धि से काशी के खेल जगत में खुशी का माहौल है. स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों ने इसे शहर के लिए गौरव का क्षण बताया है.
मुक्केबाज से बने देश के नामी प्रशिक्षक
कंदवा पोखरा, पहाड़ी गेट के पास रहने वाले छोटे लाल यादव ने पहले मुक्केबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई. वह पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन रहे हैं. इसके बाद उन्होंने प्रशिक्षण के क्षेत्र में कदम रखा और भारतीय महिला बॉक्सिंग टीम के कोच की जिम्मेदारी संभाली. छोटे लाल यादव लंबे समय तक विश्व प्रसिद्ध मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम के व्यक्तिगत कोच भी रहे. मैरीकॉम के प्रशिक्षण में उनकी भूमिका ने उन्हें देश के प्रमुख मुक्केबाजी प्रशिक्षकों में पहचान दिलाई. अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग के लिए उन्होंने एआईबीए 2-स्टार कोच की मान्यता भी हासिल की है.
पहले भी पुरस्कार के लिए भेजा गया था नाम
छोटे लाल यादव को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पहले भी प्रस्तावित किया जा चुका है. वर्ष 2020 में बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उनका नाम खेल मंत्रालय को भेजा था. 2019-20 में भी उन्हें महिला मुक्केबाजी के सहायक कोच के रूप में द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किया गया था. उस समय राष्ट्रीय महिला कोच मोहम्मद अली क़मर का नाम भी भेजा गया था.
कोचों के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान
द्रोणाचार्य पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1985 में हुई थी. यह सम्मान उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने खिलाड़ियों को तैयार करने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो. पुरस्कार के तहत प्रतिमा, प्रमाणपत्र, औपचारिक पोशाक और नकद राशि दी जाती है. वर्तमान व्यवस्था के अनुसार नियमित श्रेणी में 10 लाख रुपये और आजीवन योगदान श्रेणी में 15 लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है.
काशी के खेल जगत में खुशी
छोटे लाल यादव को द्रोणाचार्य सम्मान मिलने की खबर से वाराणसी के खेल जगत में खुशी है. स्थानीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया है. जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह, जिला मुक्केबाजी संघ की अध्यक्ष डॉ. नीलू मिश्रा और उपाध्यक्ष केबी रावत ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है. पदाधिकारियों का कहना है कि छोटे लाल यादव ने अपनी मेहनत और प्रशिक्षण के दम पर काशी का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. वाराणसी लौटने पर उनका भव्य स्वागत किए जाने की भी बात कही गई है.
Also Read: कंधे पर बस्ता, सामने टूटी पुलिया, सोनभद्र में बारिश से बच्चों की स्कूल राह बनी मुश्किल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










