एक्शन में योगी सरकार! सिर्फ मेरिट के आधार पर नौकरियां, दो बूचड़खानों पर लगे ताले

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शपथ ग्रहण के साथ ही ‘एक्शन’ में नजर आ रहे हैं. उन्होंने सोमवार को अपने कार्यकाल के पहले दिन अधिकारियों से 15 दिन में अपनी संपत्तियों का ब्योरा देने को कहा है. योगी ने नौकरियों में मेरिट के आधार पर भर्तियां करने के को भी कहा […]
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शपथ ग्रहण के साथ ही ‘एक्शन’ में नजर आ रहे हैं. उन्होंने सोमवार को अपने कार्यकाल के पहले दिन अधिकारियों से 15 दिन में अपनी संपत्तियों का ब्योरा देने को कहा है. योगी ने नौकरियों में मेरिट के आधार पर भर्तियां करने के को भी कहा है. योगी सरकार के सत्ता में आते ही बूचड़खानों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है. रविवार रात इलाहाबाद के अटाले इलाके में दो बूचड़खानों पर ताले लगा दिये गये.
उत्तर प्रदेश सरकार का कामकाज संभालने के बाद सोमवार को आदित्यनाथ सरकार का पहला दिन था. पहले दिन लोकभवन में आदित्यनाथ ने गृह विभाग के प्रमुख सचिव देवाशीष पंडा, पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद, सभी प्रमुख सचिवों, विशेष सचिव और सचिव के साथ बैठक की. बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री भी शामिल थे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में कानून और व्यवस्था उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है. इससे किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा. इलाहाबाद में बसपा के एक नेता की हत्या के मामले का भी संज्ञान लिया गया.
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को खड़े होकर ईमानदारी, स्वच्छता पारदर्शिता की शपथ दिलायी. आगे के रोड मैप के बारे में सभी अधिकारियों से चर्चा भी की. आदित्यनाथ ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे 15 दिनों के भीतर अपनी चल, अचल संपत्ति और आयकर का ब्योरा दें. उन्होंने कहा कि वे संकल्प पत्र पढ़ें और उसे लागू करें. बैठक में कैबिनेट की पहली बैठक में जिन-जिन वादों को लागू करना है, उनके बारे में पूरा ब्योरा और तैयारी का तरीका तैयार करने के लिए कहा. सभी विभागों में अब तक किये गये कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट तैयार भी करने को कहा गया. इससे पहले, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से मुलाकात करने वीवीआइपी गेस्ट हाउस पहुंचे. शर्मा ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि वह बस शिष्टाचार भेंट करने गये थे.
अखिलेश सरकार के अफसरों को हटाया
सोमवार शाम को नई सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अखिलेश सरकार में नियुक्त सलाहकारों, उपाध्यक्षों और चेयरमैनों को हटा दिया. अब योगी सरकार आते ही उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल की अटकलें आने लगी हैं. सूत्रों के मुताबिक, कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने के लिए जावीद अहमद की जगह रजनीकांत मिश्रा को नया डीजीपी बनाया जा सकता है. वहीं, बीजेपी सरकार बनने के बाद पहली बार सोमवार शाम को पुलिस महकमे की पहली बैठक हुई. लखनऊ स्थित योजना भवन में प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांडा की अगुवाई में बैठक हुई.
इलाहाबाद में सील किये गये दो बूचड़खाने
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ के पद संभालने के कुछ घंटे के भीतर ही प्रशासन ने दो बूचडखानों को सील कर दिया. एक अधिकारी ने बताया कि तकरीबन एक साल पहले राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने इन दो बूचड़खानों को बंद करने का आदेश दिया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




