ePaper

मुलायम अपना घर नहीं संभाल पा रहे, यूपी क्या संभालेंगे : भाजपा

Updated at : 24 Oct 2016 4:42 PM (IST)
विज्ञापन
मुलायम अपना घर नहीं संभाल पा रहे, यूपी क्या संभालेंगे : भाजपा

कानपुर : समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह को पारिवारिक झगड़े में विवश और मजबूर बताते हुये भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आज कहा कि पहले वह जनता के नेता थे और अब वह केवल एक परिवार के नेता भर रह गये हैं. त्रिवेदी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव से उनका […]

विज्ञापन

कानपुर : समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह को पारिवारिक झगड़े में विवश और मजबूर बताते हुये भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आज कहा कि पहले वह जनता के नेता थे और अब वह केवल एक परिवार के नेता भर रह गये हैं. त्रिवेदी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव से उनका अपना परिवार संभल नहीं रहा है तो उनकी पार्टी से उत्तर प्रदेश कैसे संभलेगा.

उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी से उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था तो संभल नहीं पा रही थी अब घर के अंदर की कानून व्यवस्था भी उनके हाथ से निकल गयी है.” भाजपा प्रवक्ता ने यहां पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में सपा को परिवार बचाना है, जबकि कांग्रेस को अपनी जमानत बचानी है और बहुजन समाज पार्टी को अपनी जमीन बचानी है.

इसलिए भाजपा का सभी दलो में खौफ है और सभी पार्टियों के नेता भाजपा में अपने आप आ रहे हैं. उन्होंने इस बात का सीधा जवाब नहीं दिया कि क्या सपा से निष्कासित नेता राम गोपाल यादव को भाजपा अपनी पार्टी में शामिल करेगी. उन्होंने कहा कि अरुणाचल से लेकर उत्तर प्रदेश तक दूसरी पार्टियों के नेता लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं.

भाजपा प्रवक्ता त्रिवेदी ने कहा कि जब मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश की पहली बार सत्ता संभाली थी तो वह धरती पुत्र कहलाते थे और जनता के नेता थे लेकिन अब वह केवल अपने परिवार के नेता भर रह गये है. उनकी मजबूरी देखिए कि वह अपना परिवार नहीं संभाल पा रहे है तो वह प्रदेश क्या संभालेंगे. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव में अपनी पराजय स्वीकार कर ली है और जब किसी पार्टी की सत्ता जाने लगती है तो पार्टी और परिवार में इस तरह की लड़ाई होती है.

उन्होंने आरोप लगाया कि असल में यह लड़ाई भ्रष्टाचार में हुई कमाई को लेकर है. त्रिवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी परिवार में जो हो रहा है उससे राजनीति और रिश्तों की मर्यादा खत्म हो रही है. इस पारिवारिक ड्रामों पर उत्तर प्रदेश की जनता की बहुत गहरी नजर है और उसकी समझ में आ गया है कि सपा और बसपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और अगर उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को बढ़ावा देना है तो वह केवल भाजपा की सरकार ही दे सकती है.

उन्होंने दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में पहले ही मजबूत थी और अब इस पारिवारिक झगड़े के बाद प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा की तरफ और बढ़ा है और आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में वह पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगी. उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में फैसला पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और राष्ट्रीय कार्यकारिणी करेंगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola