जीन्स की जेब मे रखते है मोबाईल तो हो जाए सावधान, गाजियाबाद मे मोबाईल ब्लास्ट से झुलसा प्राइवेट पार्ट्स
मोबाइल ब्लास्ट से युवक घायल
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फटने से 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया. उसके दोनों हाथों के साथ शरीर के निचले हिस्से और प्राइवेट पार्ट्स भी जल गए. परिवार ने नए फोन की तकनीकी जांच की मांग की है.
UP News : गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फोन ब्लास्ट होने से 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया. युवक के दोनों हाथों के साथ शरीर के निचले हिस्से और प्राइवेट पार्ट्स तक जल गए. हादसे के वक्त युवक की जेब में मोबाइल रखा हुआ था. परिजनों के मुताबिक, फोन करीब एक महीने पहले ही खरीदा गया था. परिवार ने मोबाइल की तकनीकी जांच कराने की मांग की है.
स्टेशन पर अचानक मची अफरा-तफरी
घटना 8 अगस्त की शाम गाजियाबाद रेलवे स्टेशन की है. ग्रेटर नोएडा के दनकौर निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद माजिद निजी काम से लौट रहे थे. इसी दौरान उनके जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होने लगा. माजिद कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मोबाइल में जोरदार धमाका हो गया. धमाके की आवाज सुनकर स्टेशन पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया.
दोनों हाथ झुलसे, शरीर के निचले हिस्से में भी चोट
मोबाइल ब्लास्ट इतना तेज था कि माजिद के दोनों हाथ झुलस गए. शरीर के निचले हिस्से में भी जलने की चोट आई और प्राइवेट पार्ट्स तक प्रभावित हुए. अस्पताल में उनका इलाज कराया गया. इलाज के बाद माजिद को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. हालांकि, हादसे ने परिवार की चिंता बढ़ा दी है.
एक महीने पहले ही खरीदा था मोबाइल
माजिद के मामा हारून के मुताबिक, जिस मोबाइल में ब्लास्ट हुआ, उसे करीब एक महीने पहले ही खरीदा गया था. परिवार का कहना है कि फोन कोई पुराना या लंबे समय से खराब पड़ा हुआ डिवाइस नहीं था. ऐसे में परिवार यह जानना चाहता है कि आखिर नए मोबाइल की बैटरी जेब में रहते हुए अचानक क्यों फट गई.
कंपनी और शोरूम पर भी उठे सवाल
हादसे के बाद माजिद ने मोबाइल बनाने वाली कंपनी और उस शोरूम पर सवाल उठाए हैं, जहां से फोन खरीदा गया था. उनका कहना है कि मोबाइल जेब में सामान्य तरीके से रखा हुआ था और अचानक गर्म होने के बाद ब्लास्ट हो गया. माजिद का कहना है कि अगर उस वक्त आसपास कोई और व्यक्ति होता तो वह भी इसकी चपेट में आ सकता था. परिवार मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने की तैयारी में है.
आखिर मोबाइल की बैटरी में हुआ क्या?
मोबाइल फोन में आग लगने या ब्लास्ट होने के पीछे कई तकनीकी वजहें हो सकती हैं. इनमें बैटरी में खराबी, अत्यधिक गर्म होना, शॉर्ट सर्किट या मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट जैसी वजहें शामिल हो सकती हैं. हालांकि, माजिद के मामले में मोबाइल ब्लास्ट की वास्तविक वजह क्या थी, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
जांच के बाद सामने आएगी असली वजह
परिवार चाहता है कि मोबाइल की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि पता चल सके कि हादसा बैटरी की खराबी से हुआ या किसी अन्य तकनीकी कारण से. फिलहाल माजिद इलाज के बाद घर लौट चुके हैं. एक महीने पुराने मोबाइल के जेब में रहते हुए अचानक ब्लास्ट होने की इस घटना ने मोबाइल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है. Also read : BJP विधायक ने अपने दामाद पर लगाए दूसरी शादी का आरोप, दो महिलाओं के दावों की पुलिस कर रही जांच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










