कुकर से पहले सिर फोड़ा, फिर टब में डुबोकर की हत्या, फतेहपुर में लव मैरिज का खौफनाक अंत
फतेहपुर में पति की खौफनाक करतूत का खुलासा
UP News: फतेहपुर में एक सहायक अध्यापिका की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है. पति ने पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण कुकर से सिर पर वार किया और उसे पानी से भरे टब में डुबोकर मार डाला.
UP Crime News: यूपी फतेहपुर के नासिरपीर मोहल्ले में सहायक अध्यापिका शालिनी की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति दिलीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी हत्या की और बाद में घटना को हादसा बताने की कोशिश की. जांच के दौरान सामने आया कि 8 अगस्त को कथित तौर पर कुकर के ढक्कन और हैंडल से सिर पर हमला किया गया. इसके बाद उसे पानी से भरे टब में डुबोया गया.
बीस मिनट बाद लौटकर रचा हादसे का नाटक
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 20 मिनट तक घर से बाहर रहा. इसके बाद वापस लौटकर उसने अपने भाइयों को फोन किया और पत्नी के हादसे में बेहोश होने की बात बताई. शालिनी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. परिजनों की शिकायत पर 9 अगस्त को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई.
लव मैरिज के बाद बढ़ते गए विवाद
शालिनी और दिलीप ने 3 दिसंबर 2017 को प्रेम विवाह किया था. दोनों फतेहपुर में किराए के मकान में रह रहे थे और शालिनी एक निजी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम करती थी. पुलिस पूछताछ में दिलीप ने पत्नी पर अवैध संबंध होने का शक जताया और इसी वजह से विवाद बढ़ने की बात सामने आई. पुलिस के मुताबिक, इसी कथित शक के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया. मामले में उसके भाइयों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पिता ने बेटी पर लगे आरोपों को नकारा
मृतका के पिता धर्मराज यादव ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए बेटी पर लगाए गए अफेयर के आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि अप्रैल 2025 से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. पिता ने आरोप लगाया कि दिलीप का अपने स्कूल की एक महिला शिक्षिका से संबंध था और शालिनी ने इसकी जानकारी परिवार को दी थी. उनका दावा है कि समझाने के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ. पुलिस ने आरोपी दिलीप को 12 अगस्त को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.
यह भी देखें: योगी सरकार ने खोली आजम खान और अतीक की 20 साल पुरानी फाइल , 2006 में पार्क पर कब्जे का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











