ePaper

पुजारी बोले- लल्ला जब रात में सोइंहें, सुबह उठकर देखिहैं तो सोचिहैं, हम ई कहां कुटिया से महल मा आ गए

Updated at : 22 Jan 2024 5:22 AM (IST)
विज्ञापन
पुजारी बोले- लल्ला जब रात में सोइंहें, सुबह उठकर देखिहैं तो सोचिहैं, हम ई कहां कुटिया से महल मा आ गए

कोई भी विग्रह 24 घंटे बिना भोग-पूजन के नहीं रह सकता. वरना उसकी दोबारा प्राण प्रतिष्ठा करना होती है. और अगर 19 तारीख को लल्ला नये मंदिर चले जाते, तो नये विग्रह के सामने उनका पूजन होता, भोग लगता. तो क्या नये प्रभु राम को बुरा नहीं लगता.

विज्ञापन

अयोध्या, उपमिता वाजपेयी : लल्ला जब रात में सोइंहें, सुबह उठकर देखिहैं, तो सोचिहैं, हम ई कहां आई गए, कुटिया से महल मा. बाबरी के गुंबद, टूटे-फटे तिरपाल और फिर लकड़ी की कुटिया में रामलला की 32 साल करनेवाले पुजारी संतोष तिवारी अपने लल्ला की बात इसी भाषा में कहकर सुनाते हैं. कहते हैं, 21 जनवरी को जब रामलला को शयन आरती के बाद नये मंदिर में सुलाने ले जायेंगे, तो रामलला अगली सुबह आंखें नये महल में खोलेंगे. शायद प्रभु राम भी हैरान रह जायेंगे खूबसूरत-सा महल देखकर. वो कहते हैं, इतने साल दिन रात पूजा की है लल्ला की, अब तो मोहब्बत हो गयी है उनसे. उन्हें सुबह मंत्र सुनाकर उठाना. मंगला आरती करना. बिना बत्ती जलाये, बिना घंटी बजाये, बिना शोर, धीमे से रामलला को जगाना. फिर उनका स्नान, शृंगार, भोग, रास, पूजन. फिर रात को शयन आरती के बाद उन्हें सिंहासन पर ही लेटा देना. कुछ देर चारों भाईयों, राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न को थपकियां देना. लोरियां सुनाना और फिर रजाई ओढ़ा देना.

रामलला के सभी कपड़ों की हो गयी है पैकिंग

अयोध्या में भगवान श्रीराम की सेवा करने वाले पंडित संतोष तिवारी कहते हैं कि 32 सालों की यादें हैं. फिलहाल रामलला के सभी कपड़ों की पैकिंग हो गयी है. अतिरिक्त बिस्तर, रजाई भी बांध लिये गये हैं. ये सब वहां उनके लिए बने नये कमरों में साथ जायेंगे. बरतन 21 तारीख को भोग के बाद बांधे जायेंगे. पहले रामलला विराजमान को 19 तारीख की रात ही नये मंदिर में ले जाया जाना था.

Also Read: राम के जन्म पर तुलसीदास ने क्यों किया ‘प्रगट’ शब्द का प्रयोग? लिखा- भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी
21 की रात में ही नये महल में जायेंगे रामलला विराजमान

संतोष तिवारी कहते हैं, कोई भी विग्रह 24 घंटे बिना भोग-पूजन के नहीं रह सकता. वरना उसकी दोबारा प्राण प्रतिष्ठा करना होती है. और अगर 19 तारीख को लल्ला नये मंदिर चले जाते, तो नये विग्रह के सामने उनका पूजन होता, भोग लगता. तो क्या नये प्रभु राम को बुरा नहीं लगता. वो ये नहीं कहते कि हम अभी अधिवास में हैं, अन्न, जल, औषधि में डूबे हैं, सिर्फ सूखे मेवे खा रहे हैं और रामलला विराजमान को भोग लगाया जा रहा है. इसलिए पुजारी, आचार्य और ट्रस्ट ने तय किया कि अब रामलला विराजमान भी 21 की रात को ही नये महल में जायेंगे. ताकि दोनों को साथ भोग लगे. 22 की सुबह रामलला को छप्पन भोग लगाया जाना है.

Also Read: देश में जहां-जहां पड़े प्रभु राम के चरण, बन गए तीर्थ स्थल, जानें मान्यताएं और खासियत

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola