पाकुड़ में ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव

Updated at : 25 May 2024 7:52 PM (IST)
विज्ञापन
पाकुड़ में ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव

पाकुड़ में स्टोन चिप्स लदा ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. इसके बाद मौके पर ग्रामीणों को समझाने पहुंची पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया.

विज्ञापन

पाकुड़ : पाकुड़ के हरिणडंगा बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक के समीप शनिवार को स्टोन चिप्स लदा ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत घटनास्थल पर हो गयी. मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गंधाईपुर निवासी असगर अली के पुत्र शेफा शेख व मोरफुल शेख के पुत्र बाबर शेख के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर तेज रफ्तार से अंबेडकर चौक की ओर से गांधी चौक की तरफ जा रहा था. वहीं दोनों युवक बाइक पर सवार होकर एचडीएफसी बैंक की ओर से निकल कर मुख्य सड़क की ओर आ रहे थे. इस दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार दोनों युवक ट्रैक्टर के अंदर घुस कर दब गए. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गयी.

इस दौरान स्थानीय लोगों ने उक्त युवकों को ट्रैक्टर के अंदर से निकालने का प्रयास किया. पर दोनों युवक ट्रैक्टर के अंदर बुरी तरह से फंसे हुए थे. दोनों को निकालने के लिए जेसीबी का इस्तेमाल करना पड़ा. घटना के बाद आक्रोशित परिजन व स्थानीय लोगों ने शव को शहर के मुख्य सड़क पर रख कर सड़क जाम कर दिया. घटना को लेकर भीड़ इतनी आक्रोशित थी कि समझाने पहुंची पुलिस पर लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया. कुछ देर के लिए पुलिस प्रशासन को भी घटनास्थल से दूर हटाना पड़ा. हालांकि थोड़ी देर बाद ही पाकुड़ पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर काफी समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराते हुए मुआवजे का आश्वासन देकर जाम को हटा दिया. जाम करीब आधे घंटे तक रही. परिजनों ने बताया कि दोनों युवक घर से बैंक में काम रहने की बात कहकर बाइक पर सवार होकर निकले थे. इसके बाद घटना की सूचना मिली. नगर थाना प्रभारी अजय आर्यन ने कहा कि आंशिक रूप से आक्रोशितों ने पथराव किया था. पथराव में कोई हताहत नहीं है. आक्रोशित को समझा बुझाकर शांत कराते हुए जाम को हटवा दिया गया है.

Also Read: पाकुड़ में बिना नंबर के दौड़ रहे 51 ई-रिक्शा किये गये जब्त

नो इंट्री के बाद भारी वाहनों का शहर में होता है प्रवेश :

घटना के बाद स्थानीय लोग भी काफी आक्रोशित दिखे. स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि नो इंट्री के बाद भी शहर में भारी वाहनों का आवागमन होता है. कहा कि प्रशासन द्वारा नो इंट्री के दौरान प्रवेश करने वाले वाहनों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाती है. भारी वाहन बिना रोक-टोक के शहर में प्रवेश कर रहे हैं. प्रशासन की लापरवाही के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं.

बिजली के खंभे से जाकर टकरा गया था ट्रैक्टर :

बाइक चालक को अपनी चपेट में लेने के बाद ट्रैक्टर ने सड़क किनारे बिजली के खंभे पर जोरदार टक्कर मार दिया. स्थानीय लोगों की मानें तो अगर किसी प्रकार बिजली का खंभा टूट जाता तो इससे भी बड़ा हादसा होने की आशंका थी. मुख्य बाजार का भीड़-भाड़ वाला इलाका रहने के कारण भारी क्षति हो सकती थी.

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola