ePaper

Bhubaneswar News: झारसुगुड़ा से राष्ट्र को समर्पित परियोजनाएं ओडिशा के सामाजिक-आर्थिक विकास को नयी गति देंगी : धर्मेंद्र प्रधान

Updated at : 27 Sep 2025 11:36 PM (IST)
विज्ञापन
Bhubaneswar News: झारसुगुड़ा से राष्ट्र को समर्पित परियोजनाएं ओडिशा के सामाजिक-आर्थिक विकास को नयी गति देंगी : धर्मेंद्र प्रधान

Bhubaneswar News: झारसुगुड़ा में पीएम के कार्यक्रम से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान वर्चुअल माध्यम से जुड़े.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ‘सेवा पर्व-2025’ के अवसर पर झारसुगुड़ा में युवा सम्मेलन के दौरान 60,000 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण राज्य व देश के आर्थिक विकास को नयी गति देगीं. शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, कौशल विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़ी ये परियोजनाएं ओडिशा की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेंगी. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यह बातें कही. श्री प्रधान शनिवार को आइआइटी पटना से झारसुगुड़ा में आयोजित प्रधानमंत्री के सेवा पर्व कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार

शिलान्यास और शुभारंभ की गयी परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए श्री प्रधान ने कहा कि आज का दिन ओडिशा और देश के विकास पथ के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है. 3,000 करोड़ रुपये की लागत से संबलपुर के वीर सुरेंद्र साय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, बुर्ला और महाराजा कृष्णचंद्र गजपति मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, ब्रह्मपुर को विश्वस्तरीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बदलने की घोषणा हुई है. इस कदम से अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र में तब्दील करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जायेगा.

अगले चार वर्षों में 10,000 नये छात्रों के लिए क्षमता का निर्माण होगा

प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लगभग 11,000 करोड़ रुपये के निवेश से आठ आइआइटी-तिरुपति, पलक्कड़, भिलाई, जम्मू, धारवाड़, जोधपुर, पटना और इंदौर के विस्तार के लिए शिलान्यास किया. इस विस्तार से अगले चार वर्षों में 10,000 नये छात्रों के लिए क्षमता का निर्माण होगा. आठ अत्याधुनिक शोध पार्क स्थापित होंगे, जिससे भारत का नवाचार इकोसिस्टम मजबूत होगा और शोध एवं विकास को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा. इसके अलावा आइआइटी भुवनेश्वर में सेमीकंडक्टर और इएसडीएम पार्क के लिए शिलान्यास एक सराहनीय कदम है. इससे ओडिशा में सेमीकंडक्टर उत्पादन बढ़ेगा और इस क्षेत्र की सहायक उद्योगों में व्यापक वृद्धि होगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को बड़ी गति मिलेगी. भारतभर में 4,200 करोड़ रुपये की लागत से मेरिट योजना के जरिये इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों के उन्नतीकरण को भी श्री प्रधान ने सराहनीय बताया. ओडिशा में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने 1,979 करोड़ रुपये की लागत से संबलपुर और ब्रह्मपुर में विश्व कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की परियोजना का शुभारंभ किया. इसमें एग्रीटेक, नवीकरणीय ऊर्जा, रिटेल, मरीन और आतिथ्य क्षेत्र में कौशल उन्नयन पर जोर दिया जायेगा, जिससे युवाओं को नयी रोजगार संभावनाएं मिलेंगी.

संबलपुर सिटी-सरला के बीच फ्लाइओवर जाम से दिलायेगा मुक्ति

श्री प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा संबलपुर सिटी-सरला के बीच शिलान्यास की गयी 273 करोड़ रुपये की रेल फ्लाईओवर परियोजना से जाम से मुक्ति मिलेगी और संबलपुर व झारसुगुड़ा के बीच कोयला, खनिज और औद्योगिक सामग्री का परिवहन सुगम होगा. बीएसएनएल द्वारा स्वदेशी 4जी (5जी रेडी) नेटवर्क की शुरुआत हमारे दूरसंचार क्षेत्र को और मजबूत करेगी. 90 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के 130 उच्च शिक्षा संस्थानों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी, जिससे ढाई लाख से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित होंगे. ‘अंत्योदय गृह योजना’ के तहत 50 हजार घरों के निर्माण के लिए लाभुकों को कार्यादेश पत्र वितरित किये गये. गरीबों को सम्मानपूर्वक पक्का घर उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है. श्री प्रधान ने कहा कि शिलान्यास और शुभारंभ हुई सभी परियोजनाएं ओडिशा के भविष्य को मजबूत करेंगी और ‘समृद्ध ओडिशा’ एवं ‘विकसित ओडिशा’ के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola