Bhubaneswar News: ढेंकानाल में पत्थर की अवैध खदान में चट्टान गिरने से दो की मौत, कई फंसे

Updated:
विज्ञापन
Bhubaneswar News: ढेंकानाल में पत्थर की अवैध खदान में चट्टान गिरने से दो की मौत, कई फंसे

Bhubaneswar News: ढेंकानाल के मोटांगा थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास स्थित अवैध खदान में चट्टान गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: ओडिशा के ढेंकनाल जिले में पत्थर की एक अवैध खदान में चट्टान गिरने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि कई के फंसे होने की बात कही जा रही है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम मोटांगा थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास स्थित खदान में उस समय की है, जब कुछ मजदूर पत्थरों की खुदाई और उन्हें निकालने का काम कर रहे थे. उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. एक अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन सेवा, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) और श्वान दस्ते बचाव अभियान में जुटे हुए हैं.

एक मृतक बालेश्वर, जबकि दूसरा क्योंझर या मयूरभंज जिले का

ढेंकानाल के जिलाधिकारी आशीष ईश्वर पाटिल और पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर बचाव कार्य की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंच गये हैं. पाटिल ने संवाददाताओं से कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, खदान में केवल दो ही लोग मौजूद थे और दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं. एक मृतक बालेश्वर जिले का और दूसरा क्योंझर या मयूरभंज जिले का रहने वाला था. दोनों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. उन्होंने बताया कि खदान में विस्फोट की अनुमति सितंबर में समाप्त हो चुकी थी, जबकि खदान की पट्टा अवधि दिसंबर 2025 में समाप्त हो गयी थी. पट्टा अवधि समाप्त होने के बाद भी खदान में विस्फोट और खनन जारी रखा गया. इस मामले में खदान के पट्टाधारक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा. हादसे के बाद पत्थर की खदान को सील कर दिया गया है. तहसीलदार मनोज मांझी ने बताया कि खदान क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति वहां प्रवेश न कर सके.

मामले की उचित जांच कराये सरकार : नवीन पटनायक

इस बीच, विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने ‘एक्स’ पर लिखा कि ढेंकानाल में पत्थर की खदान में विस्फोट के बाद चट्टान गिरने से श्रमिकों की मौत की खबर से मुझे गहरा दुख पहुंचा है. दुःख की इस घड़ी में मैं मृतक के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं. पटनायक ने मामले की उचित जांच किए जाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को बचाव अभियान में तेजी लाने पर तत्काल ध्यान देना चाहिए.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जताया शोक

वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पत्थर खदान में हुए विस्फोट में श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दुख और संवेदना व्यक्त की है. सोशल मीडिया पर जारी अपने शोक संदेश में प्रधान ने कहा कि इस दुखद घटना की सूचना से वे अत्यंत मर्माहत हैं. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की. केंद्रीय मंत्री ने ईश्वर से इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को असीम धैर्य और साहस प्रदान करने की कामना की. साथ ही, उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Bipin Kumar Yadav

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Yadav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola