Sambalpur News: अनुगूल के आठमल्लिक में घर पर गिरा पेड़, महिला की दबकर मौत
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 28 May 2026 11:44 PM
Sambalpur News: काल बैसाखी के कारण आंधी-पानी से एक घर पर पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गयी है.
Sambalpur News: अनुगूल जिले के आठमल्लिक अनुमंडल के कुछ इलाकों में काल बैसाखी ने बुधवार शाम जमकर तांडव मचाया. इस दौरान कई स्थानों पर पेड़ गिरने से भारी क्षति हुई है. आठमल्लिक के नारायणपुर में एक घर पर पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान कंधापाड़ा पंचायत अंतर्गत नारायणपुर गांव की शोभागिनी प्रधान (42) के रूप में हुई है.
परिवार के अन्य सदस्य मामूली रूप से घायल
शोभागिनी पति रमेश प्रधान और चार बेटियों के साथ अपनी झोंपड़ी में थी, तभी उनके घर पर पेड़ गिर गया. शोभागिनी की मौके पर ही मौत हो गयी. फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कटर से पेड़ को काटकर उनका शव बरामद किया गया. परिवार के अन्य सदस्य मामूली रूप से घायल हुए हैं. इसी तरह कई गांवों में सैकड़ों घरों की छतें उड़ गयीं. कई पेड़ सड़कों पर गिर गये, जिससे कई जगहों पर ट्रैफिक जाम हो गया. कई जगहों पर ओलावृष्टि से फसलें भी नष्ट हो गयी हैं. वहीं काल बैसाखी बुनकरों के लिए दुख लेकर आयी. आठमल्लिक बेलादुला गांव में काल बैसाखी ने बुनकरों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं. बेलादुला गांव में घरों की एस्बेस्टस की छतें उड़ गयी हैं और बुनकरों के करघे पूरी तरह खराब हो गये हैं. इससे 15 से ज्यादा बुनकर प्रभावित हुए हैं.
बंडामुंडा : आंधी-तूफान में दो रेलवे क्वार्टराें पर टूटकर गिरा पेड़, बड़ा हादसा टला
बंडामुंडा के बी सेक्टर स्थित क्वार्टर संख्या-93 में बुधवार शाम आये आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक विशाल पीपल पेड़ की भारी डाली रेलवे क्वार्टर के ऊपर आ गिरी. यह क्वार्टर इलेक्ट्रिक शेड में कार्यरत रेलकर्मी राजू मुखी का आवास है. हादसे के समय राजू मुखी की पत्नी दूसरे कमरे में सो रही थी. अचानक डाल गिरने से एस्बेस्टस की छत टूट गयी और उसके टुकड़े कमरे के अंदर गिरने लगे. इस दौरान एस्बेस्टस का टुकड़ा महिला के बाएं पैर पर गिर गया, जिससे उन्हें हल्की चोटें आयीं. घटना के बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. इधर डीजल कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर 89/2 के बागान में भी एक विशाल पीपल का पेड़ गिर गया. जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गयी. वहीं सड़क पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा. सूचना मिलते ही रेलवे के विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत का कार्य शुरू किया. रात 11:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी. हालांकि डीजल कॉलोनी क्षेत्र में पूरी रात बिजली गुल रही. गुरुवार सुबह से ही आइओडब्ल्यू और विद्युत विभाग के कर्मचारी पेड़ हटाने तथा बिजली तारों की मरम्मत में जुटे रहे. कर्मचारियों की कड़ी मेहनत के बाद शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों और रेल कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन से पुराने और जर्जर पेड़ों की समय रहते कटाई-छंटाई कराने की मांग की है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










