Jharsuguda News: हथियार दिखाकर ट्रक चालकों से करता था लूटपाट, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 28 May 2026 11:46 PM
Jharsuguda News: झारसुगुड़ा पुलिस ने एनएच पर हथियारों के बल पर ट्रक चालकों से लूटपाट के आरोपी को गिरफ्तार किया है.
Jharsuguda News: झारसुगुड़ा पुलिस ने हाइवे पर बंदूक की नोक पर ट्रक चालकों से लूटपाट के आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान झारसुगुड़ा के पुराना शहर इलाके के अर्जुन साहू (24) के रूप में हुई है. आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, एक मैगजीन, दो कारतूस, दो मोबाइल फोन और 3020 रुपये नकद जब्त किये गये हैं. इस मामले में झारसुगुड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया है.
नेशनल हाइवे पर पंचपड़ा चाैक पर पुलिस ने की छापेमारी
बुधवार देर रात झारसुगुड़ा थाना के एसआइ स्वाधीन कुमार सेठी और पुलिस कर्मी आपराधिक गतिविधियों और ड्रग तस्करी पर नजर रखने के लिए इलाके में गश्त कर रहे थे. इसी समय सूचना मिली कि कुछ हथियारबंद बदमाश नेशनल हाइवे पर पंचपड़ा चाैक के पास चांद ढाबा के नजदीक आने-जाने वाले ट्रकों को रोककर, बंदूक दिखाकर ड्राइवरों को डरा-धमकाकर और जबरन पैसे वसूल रहे हैं. सूचना पर एसआइ स्वाधीन कुमार सेठी और उनकी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस एक आरोपी अर्जुन साहू को गिरफ्तार करने में सफल रही. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
सुंदरगढ़ : आइपीएल सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, 3.95 लाख बरामद
सुंदरगढ़ जिले की हाथीबाड़ी पुलिस ने आइपीएल सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी आइपीएल क्रिकेट मैचों से जुड़ा एक अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क चला रहे थे और ऑनलाइन तथा ऑफलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों के जरिए लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे. इसकी सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापा मारा और रैकेट के दो सदस्यों को पकड़ लिया. इस कार्रवाई के दौरान, पुलिस ने तीन लाख 95 हजार रुपये नकद, एक कार और सट्टेबाजी से जुड़ी अन्य सामग्री जब्त की. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, और पुलिस को शक है कि इस अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं. सुंदरगढ़ की पुलिस अधीक्षक अमृत पाल कौर ने कहा कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और क्रिकेट सट्टेबाजी गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










