Bhubaneswar News: ओडिशा का सबसे गर्म शहर रहा झारसुगुड़ा , पारा 44.6 डिग्री पहुंचा

Published at :25 Apr 2026 1:25 AM (IST)
विज्ञापन
Bhubaneswar News: ओडिशा का सबसे गर्म शहर रहा झारसुगुड़ा , पारा 44.6 डिग्री पहुंचा

Bhubaneswar News: ओडिशा में गर्मी से जनजीवन प्रभावित है. झारसुगुड़ा का पारा 46.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: ओडिशा में भीषण गर्मी का कहर जारी है. शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे तक झारसुगुड़ा में पारा एक बार फिर 44.6 डिग्री पहुंच गया. बुधवार को भी झारसुगुड़ा में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था और यह उस दिन देश का सबसे गर्म शहर था. अगले दिन (गुरुवार को) झारसुगुड़ा और तालचेर, दोनों जगहों पर 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. शुक्रवार दोपहर संबलपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस, हीराकुड में 42.6 और राउरकेला का तापमान 42.4 (राउरकेला के स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार 43.7) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विभाग ने गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी दी

भुवनेश्वर, जहां गुरुवार को पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया था, वहां शुक्रवार को 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने क्योंझर, मयूरभंज, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति जिलों में कुछ जगहों पर 25 अप्रैल तक गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी दी है. इसके बाद आंधी-तूफान की गतिविधियों के चलते पूरे राज्य में दिन के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना जतायी है.

भीषण गर्मी और लू के कारण स्कूलों में 27 अप्रैल से गर्मी की छुट्टी

ओडिशा में भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों में समय से पहले ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया है. बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 27 अप्रैल से राज्य के सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त (एडेड) और निजी विद्यालय बंद रहेंगे. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए यह निर्देश जारी किया है. सरकार का कहना है कि राज्य में पिछले कई दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में लू (हीट वेव) जैसी गंभीर स्थिति बनी हुई है, जिससे स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है. विद्यालय एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि गर्मियों की छुट्टियां आमतौर पर छह मई से 17 जून तक होती हैं. लेकिन भीषण गर्मी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी गई हैं.

परीक्षाएं, जनगणना से जुड़े कार्य पहले की तरह जारी रहेंगे

हालांकि, राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले से निर्धारित परीक्षाएं, जनगणना से जुड़े कार्य तथा अन्य प्रशासनिक गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही जारी रहेंगी. यानी जिन स्कूलों में परीक्षा कार्यक्रम तय हैं, वहां आवश्यकतानुसार व्यवस्थाएं जारी रहेंगी. सरकार के इस फैसले का अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है. अभिभावकों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में बच्चों का स्कूल जाना चिंता का विषय बन गया था और सरकार का यह निर्णय राहत देने वाला है.

राउरकेला : पांच दिन में चार डिग्री बढ़ा तापमान, 44 डिग्री के करीब पहुंचा शहर का पारा

राउरकेला समेत पूरे सुंदरगढ़ जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी है. शहर का अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है. पिछले पांंच दिनों में शहर के तापमान में चार डिग्री का इजाफा हुआ है. शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा. आग बरसाती गर्मी में लोग जरूरी काम होने से ही घर से बाहर निकल रहे हैं. शहर में गर्मी का आलम यह है कि सुबह आठ बजे ही घर से निकलने के बाद कड़ी धूप के कारण आंखें चौंधिया जा रही हैं. लाेग सिर पर कैप या गमछा तथा आंखों में काला चश्मा लगाने के बाद ही घर से निकलने की हिम्मत कर पा रहे हैं. जरूरी काम न हो, तो लोग घर में कूलर व एसी की हवा में रहना पसंद कर रहे हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola