Bhubaneswar News: पुरी स्टेशन को रथ यात्रा 2027 से पहले आधुनिक बनाने का दिया निर्देश
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 14 Jun 2026 12:03 AM
Bhubaneswar News: ओडिशा के राज्यपाल ने पुरी स्टेशन के विकास के लिए चल रही परियोजनाओं का निरीक्षण किया.
Bhubaneswar News: पुरी रेलवे स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का शनिवार को ओडिशा के राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपति ने स्थल पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया. राज्यपाल ने परियोजना को निर्धारित समयसीमा में, विशेष रूप से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा-2027 से पूर्व पूर्ण करने पर बल दिया.
यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी विकसित
शनिवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे राज्यपाल परियोजना स्थल पहुंचे, जहां उनका स्वागत पूर्वी तटीय रेलवे के महाप्रबंधक, पुरी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया. उन्हें जिला पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया. निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने राज्यपाल को स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के विभिन्न घटकों जैसे मुख्य प्रवेश-निकास द्वार, अग्रभाग (फ्रंट फसाड), दीवार क्लैडिंग, छत कार्य, प्रवेश हॉल एवं सार्वजनिक क्षेत्रों की प्रगति से अवगत कराया. मॉडल और विस्तृत परियोजना नक्शों के माध्यम से आधुनिक सुविधाओं की प्रस्तुति भी की गयी. बताया गया कि नव विकसित स्टेशन पर यात्रियों के लिए फूड कोर्ट, जन आहार केंद्र, रिटायरिंग रूम, डॉर्मिटरी, यात्री लाउंज, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन, दिव्यांगजन के लिए विशेष पार्किंग, बैगेज स्कैनर तथा बाधा रहित प्रवेश-निकास जैसी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इसका उद्देश्य बढ़ती तीर्थयात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधा और सुगमता को सुदृढ़ करना है.
सभी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाये
इसके बाद राज्यपाल ने पुरी स्थित लोक भवन, पुरी में समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने परियोजना की प्रगति और प्रस्तावित पुरी-कोणार्क रेलवे लिंक परियोजना की स्थिति की जानकारी ली. बैठक में राज्यपाल ने स्पष्ट निर्देश दिये कि परियोजना की प्रगति की साप्ताहिक निगरानी की जाये तथा सभी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने रेलवे और राज्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं न केवल आधुनिक रेलवे अवसंरचना को मजबूत करेंगी, बल्कि पर्यटन, कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को भी गति देंगी. राज्यपाल ने सभी संबंधित एजेंसियों से समयबद्ध और समन्वित तरीके से कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया, ताकि आम जनता को शीघ्र आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके और ओडिशा में रेल सेवाएं और अधिक सशक्त हों.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










