Rourkela News: आइजीएच में रीढ़ की तत्काल सर्जरी कर रोगी की गतिशीलता बहाल की

Rourkela News: इस्पात जनरल अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग की टीम ने चलने-फिरने में असमर्थ महिला का सफल इलाज किया.
Rourkela News: स्पात जनरल अस्पताल (आइजीएच), राउरकेला की समर्पित न्यूरोसर्जरी टीम ने एक बार फिर अपनी असाधारण विशेषज्ञता का प्रदर्शन करते हुए इस आम मिथक को तोड़ दिया है कि रीढ़ की सर्जरी से हमेशा लंबे समय तक रिकवरी होती है. टीम ने एक 41 वर्षीय महिला कर्मचारी की तत्काल लंबर स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक की, जिससे वह प्रक्रिया के अगले ही दिन फिर से चलने में सक्षम हो गयी. मरीज को भर्ती होने से तीन दिन पहले, दोनों पैरों तक फैले गंभीर पीठ दर्द, खड़े होने, चलने, बिस्तर पर करवट लेने में असमर्थता और पेशाब व मल त्यागने में कठिनाई के साथ ऑर्थोपेडिक्स विभाग में भर्ती कराया गया था.
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में हुआ उल्लेखनीय सुधार
एमआरआइ से पता चला कि एल5-एस1 एक्सट्रूडेड डिस्क कॉडा इक्विना सिंड्रोम का कारण बन रही है, एक ऐसी स्थिति जिसमें तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता होती है. उसे तुरंत न्यूरोसर्जरी विभाग में रेफर कर दिया गया, जहां तत्काल सर्जरी की योजना बनायी गयी. सर्जरी वरिष्ठ सलाहकार (न्यूरोसर्जरी) डॉ मनोज कुमार देव द्वारा की गयी, जिसमें अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोरंजन सामंतराय द्वारा एनेस्थीसिया सहायता और सिस्टर गोधुली और ब्रदर कमलाकर द्वारा सर्जरी के दौरान सहायता प्रदान की गयी. ऑपरेशन के बाद, मरीज में उल्लेखनीय सुधार देखा गया. सर्जरी के अगले ही दिन वह खड़ी और चलने में सक्षम हो गयी और ऑपरेशन से पहले की तुलना में लगभग 70% आराम मिला. वह वर्तमान में अच्छी तरह से स्वस्थ हो रही हैं. यह उपलब्धि एक बार फिर आइजीएच की न्यूरोसर्जरी टीम की नैदानिक उत्कृष्टता को पुष्ट करती है, जो राउरकेला और उसके आसपास के रोगियों को उन्नत, जीवन-परिवर्तनकारी देखभाल प्रदान करती रही है.
आरएसपी के प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के सात प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को सिविक सेंटर में आयोजित सम्मान समारोह-2025 में खेल पुरस्कार प्रदान किये गये. आरएसपी के निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा ने सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षकों और उत्कृष्ट साइकिलिस्ट, पैरा-एथलीट और हॉकी कैडेटों को पुरस्कार प्रदान किये. रोहित राज भट्टा को सब जूनियर राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में 74 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया. सुभ्रांशु महाराणा को डाउन सिंड्रोम राष्ट्रीय खेलों में गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने पर 1000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया. सेल हॉकी अकादमी के रोहित एक्का, जगदीप बारला और लेसलन मिंज को द्वितीय हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष इंटर जोन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर 1000-1000 रुपये का पुरस्कार दिया गया. जूनियर इंजीनियर (शॉप्स) और आरएसपी पावरलिफ्टिंग एवं भारोत्तोलन टीम के कोच विक्रम कुमार स्वांई को 1000 रुपये का पुरस्कार दिया गया. उनके कुशल मार्गदर्शन और कोचिंग में रोहित राज भट्टा दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में चैंपियन बने और एक स्वर्ण पदक जीता. एसएचए हॉकी टीम के कोच राजू कांत सैनी को 3000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया. उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी गुवाहाटी में आयोजित द्वितीय हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष अंतर-क्षेत्रीय चैंपियनशिप में चैंपियन बने और स्वर्ण पदक जीता.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




