अखाड़ों में गूंजा जय श्री राम

Published at :09 Apr 2014 6:21 AM (IST)
विज्ञापन
अखाड़ों में गूंजा जय श्री राम

चाईबासा : रामनवमी के अवसर पर मंगलवार को बजरंगबली के संग श्रीराम हर गली पधारे. शहर की सभी गलियों में सुबह से ही राम एवं हनुमान के भक्ति गीतों, जाप-मंत्रोच्चरण की गूंज सुनायी देती रही. धूप एवं अगरबत्ती की सुगंध हर गली से आती रही. इस अवसर पर शहर के सभी मंदिरों विशेष रूप से […]

विज्ञापन

चाईबासा : रामनवमी के अवसर पर मंगलवार को बजरंगबली के संग श्रीराम हर गली पधारे. शहर की सभी गलियों में सुबह से ही राम एवं हनुमान के भक्ति गीतों, जाप-मंत्रोच्चरण की गूंज सुनायी देती रही. धूप एवं अगरबत्ती की सुगंध हर गली से आती रही. इस अवसर पर शहर के सभी मंदिरों विशेष रूप से हनुमान एवं श्रीराम मंदिरों व अन्य पूजा पंडालों में पूजा हुई. सुबह से ही मंदिरों व पूजा स्थलों में भक्तों का तांता लगा रहा.

लोगों ने अपने दिन की शुरुआत बजरंगबली के दर्शन कर किये. मंगलवार को बजरंगबली का दिन माना जाता है इसलिए बजरंगबली के भक्तों के लिए यह दिन काफी महत्वपूर्ण रहा. सुबह की पूजा के बाद दोपहर में विभिन्न पूजा स्थलों में खिचड़ी एवं खीर भोग का भी वितरण किया गया. कई स्थानों में बजरंगबली के भक्तों ने लोगों को शर्बत पिलाने की भी व्यवस्था कर रखी थी.

जुलूस में शामिल हुआ पूरा शहर

शाम को विभिन्न अखाड़ों ने महावीर झंडा जुलूस निकाला जिसमें पूरे शहर के लोगों ने हिस्सा लिया. बाजे-गाजे के साथ अखाड़ों ने जुलूस निकाला. कुछ जुलूस में शामिल होकर साथ चल रहे थे तो कुछ देखने के लिए जुलूस रूट के किनारे खड़े थे. विभिन्न अखाड़ों ने लाठी-डंडों, तलवार-भाला के खेल के साथ विभिन्न झांकियां भी निकालीं. झांकी में बजरंगबली कहीं दुष्टों का संहार करते दिखे, तो कहीं श्रद्धा के साथ श्रीराम की वंदना करते हुए, कहीं हनुमान को ध्यान लगाये बैठे देखा गया. जुलूस में खिलाड़ियों ने डंडे व तलवारों से हैरतअंगेज करतब दिखाये. इस बीच सड़कें जय श्रीराम और जय बजरंगबली के नारे से गूंज उठीं.

जैंतगढ़ में युवाओं ने दिखाये करतब

जैंतगढ़-चम्पुआ में हर्षोल्लास से रामनवमी मनाया गया. पूरा माहौल जय श्रीराम और हनुमान के जयघोष से गुंजयमान हो रहा था. जैंतगढ़ के ठाकुरबाड़ी मंदिर और महाबीर अखाड़ा में पूजा-अर्चना के बाद जुलूस निकाला गया. जुलूस नया बाजार, भागापुल, बाबूसाही, बेदरा साही, जैंतगढ़ होते हुए नया बाजार पहुंचा. जहां दौरान युवाओं ने हैरतअंगेज कारनामे दिखाये.

झींकपानी हुआ भक्तिमय

चैत्र दुर्गा पूजा, रामनवमी व मंगला ओसा एक साथ पड़ने से झींकपानी क्षेत्र भक्तिमय हो गया है. इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता दुर्गा की पूजा अर्चना करने के साथ-साथ भगवान राम व बजरंगबली की पूजा अर्चना कर आर्शीवाद लिया. रामनवमी के अवसर पर बजरंगबली के मंदिरों की सजावट की गयी थी. मंदिर समितियों द्वारा प्रसाद के साथ-साथ चना व शरबत का वितरण किया गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola