होली में हर्बल गुलाल का उपयोग करें : डीसी

स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार हर्बल गुलाल का किया गया लोकार्पण
सिमडेगा. रंगों का पावन पर्व होली को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है. इस क्रम में बुधवार को समाहरणालय सभागार में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार हर्बल गुलाल का विधिवत शुभारंभ किया गया. उपायुक्त कंचन सिंह व उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने संयुक्त रूप से हर्बल गुलाल का लोकार्पण किया. ज्ञात हो कि जिले के ठेठइटांगर, बानो, केरसई व जलडेगा प्रखंडों की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने सामूहिक रूप से प्राकृतिक तरीके से हर्बल गुलाल तैयार किया है. यह गुलाल फूलों, हल्दी, चुकंदर समेत अन्य वनस्पतियों से पारंपरिक विधि द्वारा तैयार किया गया है. इस प्रक्रिया में किसी प्रकार के रासायनिक तत्व का प्रयोग नहीं किया जाता, जिससे यह पूरी तरह त्वचा के लिए सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल है. बाजार में उपलब्ध रासायनिक गुलाल से होने वाली एलर्जी, खुजली समेत अन्य दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए दीदियों ने प्राकृतिक विकल्प उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है. प्रतिवर्ष होली के अवसर पर गुलाल की बिक्री से स्वयं सहायता समूहों को अच्छा लाभ प्राप्त होता है, जिससे समूह की आय में वृद्धि होती है और महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होती है. इससे उनके आत्मविश्वास व आत्मनिर्भरता में भी बढ़ोतरी होती है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक शांति मार्डी ने हर्बल गुलाल के उत्पादन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी. साथ ही संबंधित प्रखंडों से आयी दीदियों को उपायुक्त ने गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की. उपायुक्त ने कहा कि होली के इस पावन अवसर पर सभी लोग स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल का उपयोग करें. इस अवसर पर समाज कल्याण पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के सभी जिला प्रबंधक समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




