जनगणना 2027 के लिए फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू

जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य : उपायुक्त
सिमडेगा. भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण व मकानों की गणना) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. इस क्रम में सिमडेगा जिला अंतर्गत फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम समाहरणालय के सभागार में शुरू हुआ. प्रशिक्षण कार्यक्रम का उदघाटन उपायुक्त सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी कंचन सिंह ने किया. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रथम चरण के कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सावधानी के साथ संपादित करें, ताकि सटीक व विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सके. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों व जनप्रतिनिधियों को जनगणना प्रक्रिया की समुचित जानकारी दी जाये, जिससे किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो. उपायुक्त ने अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया तथा सही व प्रमाणिक डेटा संग्रहण और उसे निर्धारित प्रणाली में समय पर अपलोड करने पर बल दिया. इस दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा यूजर मैनेजमेंट सिस्टम पर प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें यूजर अकाउंट निर्माण, एडमिन व जनरल यूजर की भूमिकाएं, ट्रेनर, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की जिम्मेदारियों समेत सिंगल एवं बल्क अकाउंट क्रिएशन की जानकारी दी गयी. बताया गया कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी. प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य एक मई से 30 मई 2026 तक किया जायेगा, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में किया जायेगा. इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी. प्रशिक्षण में जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सह मास्टर ट्रेनर गौरव कुमार एवं सांख्यिकी अन्वेषक सह मास्टर ट्रेनर प्रतीक सिंह ने फील्ड ट्रेनरों को डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, तकनीकी उपयोग एवं सर्वेक्षण से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दी. मौके पर जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेंद्र, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अरुणा कुमारी आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




