अकीदतमंदों ने अमन-चैन की दुआ मांगी

Updated at : 21 Mar 2026 9:24 PM (IST)
विज्ञापन
अकीदतमंदों ने अमन-चैन की दुआ मांगी

जिले में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी ईद, ईदगाहों व मस्जिदों में अदा की गयी नमाज

विज्ञापन

सिमडेगा. जिले में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस मौके पर ईदगाह में सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की गयी. नमाज में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. सिमडेगा ईदगाह में मौलाना मो तौफीक ने नमाज अदा करायी और खुतबा पढ़ा. लोगों ने अमन और चैन की दुआ मांगी. नमाज के बाद लोग कब्रिस्तान अपने पूर्वजों के लिए दुआ करने पहुंचे. इसके बाद सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी और घर-घर जाकर व्यंजनों का आनंद लिया. ईदगाह में अपने संदेश में मौलाना मो तौफीक ने कहा कि अपने व्यवहार को सही रखें और हराम-हलाल का ध्यान रखें, तभी रोजा और नमाज कबूल होंगे. उन्होंने कहा कि किसी को तकलीफ न पहुंचाएं और इंसानियत को अपनाएं. दूसरों की मदद करें और सभी मजहब के लोगों के लिए अच्छा सोचें. उन्होंने देश से प्रेम करने और उसकी सुरक्षा का भी संदेश दिया. साथ ही कहा कि रमजान की तरह ही हर दिन अल्लाह के बताये रास्ते पर चलने की कोशिश करें. उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और बच्चों को सही शिक्षा देने की सलाह दी. रजा मस्जिद में भी सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की गयी. यहां हाफिज मो गुफरान रजा ने नमाज करायी. मौलाना रौशनुल कादरी ने कहा कि ईद, रमजान के रोजों के बाद मिलने वाला अल्लाह का तोहफा है. इस दिन प्रेम और भाईचारे का संदेश देना चाहिए. उन्होंने कहा कि दुश्मनों को भी गले लगाकर मोहब्बत का पैगाम देना चाहिए. ईद के मौके पर लोगों में खास उत्साह देखा गया. बच्चे विशेष रूप से खुश नजर आये. सभी लोग सुबह नहा-धोकर नये कपड़े पहनकर ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा की.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजामईद को लेकर ईदगाह और मस्जिदों में प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये. ईदगाह के पास बीडीओ, एसडीपीओ प्रभात ज्ञानी रंजन, एसपीपीओ बैजु उरांव, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल तैनात रहे.

ठेठइटांगर में हर्षोल्लास से मनायी गयी ईद

ठेठईटांगर. ठेठईटांगर में ईद का त्योहार खुशी के साथ मनाया गया. भट्टी टोली ईदगाह में मौलाना मुख्तार ने नमाज करायी. उन्होंने कहा कि ईद आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है. गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही ईद की सच्ची खुशी है. नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर बधाई दी और मीठी सेवइयों का आनंद लिया. इस दौरान प्रशासन और पुलिस बल मौजूद रहे. विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी और प्रमुख विपिन पंकज मिंज ने भी लोगों को शुभकामनाएं दीं.

कोलेबिरा में पढ़ी गयी सामूहिक नमाज

कोलेबिरा. कोलेबिरा के जामा मस्जिद, गौसिया मस्जिद और नवटोली ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की. सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी. नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर बधाई दी. पूरे इलाके में खुशी और भाईचारे का माहौल रहा. अन्य क्षेत्रों में भी ईद धूमधाम से मनायी गयी.

जलडेगा में लोगों ने देश की तरक्की की दुआ मांगी

जलडेगा. जलडेगा के कोनमेरला और ओड़गा में ईद का त्योहार उत्साह के साथ मनाया गया. हाफिज कामरान और मौलाना इलियास मियां ने नमाज करायी. लोगों ने देश में शांति और तरक्की की दुआ मांगी. नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और मिठाइयों का आनंद लिया. सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा.

नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर दी बधाई

कुरडेग. कुरडेग के जामा मस्जिद और रजा मस्जिद में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गयी. मौलाना हसनैन काशमी ने नमाज करायी. बच्चों में खास उत्साह दिखा. नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी.मस्जिद के बाहर बीडीओ नैमन कुजूर, सीओ किरण डांग, पुलिस इंस्पेक्टर रामानुज वर्मा ,थाना प्रभारी विनय कुमार ने भी सभी नमाजियों को ईद की मुबारकबाद दी. जामा मस्जिद के सदर मो सबानी अंसारी और सेक्रेटरी मो असगर ने सभी को ईद की बधाईयां दी. मौके पर उन्होंने कहा ईद भाईचारगी संदेश देता है. एक दूसरे को गले लगाएं और आपसी सौहार्द का संदेश दें.

बानो में धूमधाम से मनायी गयी ईद

बानो. बानो प्रखंड में जामा मस्जिद, गौसिया मस्जिद और गिर्दा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की. सुबह से ही मस्जिदों में भीड़ रही. लोगों ने अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी. नमाज के बाद सभी ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी. बानो सर्किल इंस्पेक्टर एडुएल गेस्टेन बागे और बानो थाना की पुलिस मौके पर तैनात रही.नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola