पेपर लीक के खिलाफ सिमडेगा में छात्रों का हल्लाबोल, सीबीआई जांच की मांग को लेकर सड़क पर उतरे युवा
फोटो जुलूस में शामिल छात्र छात्राएं व अन्य | Prabhat Khabar Network
झारखंड में जेपीएससी पेपर लीक के विरोध में सिमडेगा के छात्रों ने सीबीआई जांच की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सिमडेगा: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में सोमवार को सिमडेगा में छात्र संघ के बैनर तले विरोध मार्च निकाला गया. इसके बाद नगर परिषद कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन कर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गयी.
विरोध मार्च अल्बर्ट एक्का स्टेडियम से शुरू हुआ. हाथों में तख्तियां और मांगों से जुड़े पोस्टर लिये छात्र-छात्राएं सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे. मार्च सामटोली रोड, वीर बुधु भगत चौक, कचहरी रोड, महावीर चौक, प्रिंस चौक होते हुए झूलन चौक पहुंचा, जहां से प्रदर्शनकारी धरना स्थल पहुंचे.
धरना को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हो रहा है और भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं.
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से करायी जाए और दोषियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जायेगा.
मौके पर मनोज उरांव, राजू उरांव, प्रकाश भगत, नेस्तोर सुरीन, शंकर मांझी, स्मिता तिर्की, मस्कलन जोजो, शनि सोरेंग, एरेनियुस समद, नीलेश प्रधान, बिरनुस होरो, नितरेन समद समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
सीबीआई जांच हो : अजय एक्का
जिला परिषद सदस्य अजय एक्का ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोप गंभीर हैं. इससे युवाओं की मेहनत और भविष्य प्रभावित हो रहा है. सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.
भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की मांग
छात्र नेता ब्रिसयुस सोरेंग ने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के साथ अन्याय है. उन्होंने कहा कि सरकार को भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना होगा, अन्यथा छात्र आंदोलन को व्यापक रूप दिया जायेगा.
युवा छात्र संघ के जिला अध्यक्ष रोशन धूमधाम ने कहा कि पेपर लीक से युवाओं का भरोसा भर्ती व्यवस्था से उठ रहा है. उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा देने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










